पैर ऐंठन से परेशान होने के बावजूद सोनल दिनुशा की जुझारू बल्लेबाजी ने लगातार दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों को बेअसर कर दिया और श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन बृहस्पतिवार को चाय तक आठ विकेट पर 383 रन बना लिए। चाय के समय दिनुशा 98 और लाहिरू कुमारा दो रन बनाकर खेल रहे थे। फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका ने दूसरी पारी में अपनी बढ़त 170 रन तक पहुंचा दी है जिससे मैच का ड्रॉ होना तय हो गया है।
दिन की शुरुआत छह विकेट पर 229 रन से करने के बाद यह स्थिति बेहद अप्रत्याशित थी क्योंकि उस समय श्रीलंका की बढ़त महज 16 रन थी। भारतीय टीम को उम्मीद थी कि वे श्रीलंका के बाकी बल्लेबाजों को जल्द समेट देंगे लेकिन दिनुशा और केशारा नुवांता (46 रन, 150 गेंद) ने सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़कर मेहमान टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह रही कि दोनों ने 174 मिनट और 246 गेंद तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा।
भारतीय गेंदबाजों को एक बार फिर निचले क्रम के बल्लेबाजों के खिलाफ विकेट चटकाने के लिए जूझना पड़ा। तेज गेंदबाजों ने शॉर्ट गेंद और लेग साइड पर गेंदबाजी की रणनीति अपनाने की कोशिश की लेकिन वे पूरे सत्र में बेअसर ही नजर आए। स्पिनरों मानव सुथार, सारांश जैन और रविंद्र जडेजा को कुछ मौकों पर टर्न और उछाल मिला लेकिन सफलता नहीं मिली।
श्रीलंका की पहली पारी में 290 रन के दौरान उसके अंतिम तीन विकेटों ने मिलकर 45 ओवर बल्लेबाजी की और 117 रन जोड़े थे। दिनुशा लगातार भारतीय टीम के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने चौथे दिन के खेल के बाद उनके लिए इसी तरह की टिप्पणी की थी।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मौजूदा श्रृंखला की चारों पारियों में 50 से अधिक रन बनाए हैं और अब तक दो शतक और दो अर्धशतक जड़ चुके हैं। पच्चीस वर्षीय दिनुशा ने जडेजा की गेंद पर एक रन के साथ 99 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। हालांकि लंच के बाद सत्र की शुरुआत में सुथार ने नुवांता का विकेट निकालकर यह साझेदारी तोड़ी।
सुथार की गेंद ने नुवांता के बल्ले का किनारा लिया और स्लिप में ध्रुव जुरेल ने कैच लपक लिया। जडेजा ने इसके बाद प्रभात जयसूर्या (02) को भी स्लिप में जुरेल के हाथों कैच कराया। लेकिन इसके बाद भारतीय टीम को लाहिरू कुमारा के रूप में एक और जुझारू श्रीलंकाई बल्लेबाज का सामना करना पड़ा।
वह अब तक 56 गेंद खेल चुके है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.