देसी टू-व्हीलर निर्माता अवोरे इलेक्ट्रिक ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक बाइक ‘अवोरे इलेक्ट्रिक EX’ को भारतीय मार्केट में लॉन्च कर दिया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस बाइक का अनावरण किया है।
क्या है इस बाइक की खासियत
अवोरे इलेक्ट्रिक का मानना है कि इंटेलिजेंस सिर्फ बाइक का एक फीचर नहीं, बल्कि इसकी बुनियाद होनी चाहिए। इसी सोच के साथ कंपनी ने ‘इंटेलिजेंस बियोंड मोशन’ टैगलाइन के तहत इस बाइक को डिजाइन किया है। इसका लुक और डिजाइन बहुत ही आकर्षक है जो भारतीय राइडर्स को काफी पसंद आएगा। इसमें डुअल-टोन स्टाइलिंग और सिग्नेचर टैंक लाइट्स दी गई हैं। ग्राहकों को इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों राइडिंग मोड मिलते हैं।
कुछ ऐसा है पावरट्रेन
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें बिना रेयर-अर्थ-फ्री वाली पीएमएसएम (PMSM) मोटर का इस्तेमाल हुआ है। यह मोटर वैरिएंट के हिसाब से 7.5 kW से 10.5 kW तक की अधिकतम पावर देती है। इसके अलावा, सभी वैरिएंट्स में 250 Nm का पीक व्हील टॉर्क मिलता है। स्पीड के मामले में EX 2S वैरिएंट 114 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड पकड़ सकता है। वहीं, EX 2 और EX 1 वैरिएंट्स 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ते हैं। बेहतर बैलेंस और हैंडलिंग के लिए इसमें नया ड्राइव लिंक आर्म दिया गया है।
260 किमी का मिलेगा रेंज
रेंज और चार्जिंग की चिंता खत्म करने के लिए इस बाइक में बड़ी बैटरी दी गई है। बता दें कि EX 2S वैरिएंट 260 किमी और EX 2 वैरिएंट 255 किमी की रेंज देता है। वहीं, EX 1 वैरिएंट एक बार चार्ज होने पर 160 किमी तक चलता है। बाइक में 1500W का ऑनबोर्ड फास्ट चार्जर दिया गया है। इसे घर के सामान्य 5A या 15A वाले सॉकेट में लगाकर चार्ज कर सकते हैं। इसकी बैटरी लगभग 2 घंटे में 20 से 80 पर्सेंट तक चार्ज हो जाती है। वहीं, फुल चार्ज होने में इसे करीब 4 घंटे लगते हैं।
शानदार फीचर्स से लैस है बाइक
इस इलेक्ट्रिक बाइक में कई स्मार्ट और हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें अवोरे सेंस ऑपरेटिंग सिस्टम और अवोरे सिनाप्स नाम का एआई साथी मिलता है। यह आपकी राइडिंग की जानकारी और राइड स्टैट्स को खुद ही ट्रैक कर लेता है। बाइक में शानदार परफॉर्मेंस के लिए ‘Apex’ मोड और बेहतर कंट्रोल के लिए ‘Syft’ मैनुअल गियर मोड दिया गया है। पार्किंग को आसान बनाने के लिए इसमें PAM+ पार्क असिस्ट फीचर भी मौजूद है। इसके साथ ही इसमें ऑटो इंडिकेटर कट-ऑफ, वेलकम लाइट्स और कंफर्टेबल सीटिंग अरेंजमेंट मिलता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.