बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में इस साल कई अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इन सफल उम्मीदवारों में मुजफ्फरपुर की रहने वाली अमीषा गौतम का नाम भी शामिल है।
कौन हैं अमीषा गौतम
अमीषा गौतम बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के शाहबाजपुर की रहने वाली हैं। उनके पिता मनोज कुमार बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) में अधिकारी हैं। अमीषा ने कम उम्र में अपनी मां अंजु प्रभा को खो दिया था। इसके बाद उनकी सौतेली मां ज्योति कुमारी ने उनका हर कदम पर साथ दिया और पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित किया। बचपन से ही मेधावी छात्रा रहीं अमीषा ने अपनी 12वीं की पढ़ाई डीएवी बखरी से पूरी की।
कहां तक की है पढ़ाई
स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट एंड कॉमर्स से इतिहास विषय में स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई का फैसला लिया और वर्तमान में Campus Law Centre, Delhi University से एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।
इस तरह की तैयारी
अमीषा की तैयारी का सबसे खास पहलू यह रहा कि उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने अपनी तैयारी मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के जरिए की। विषयों को समझने और अपडेट रहने के लिए उन्होंने YouTube और Telegram जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया। इसके अलावा उन्होंने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया और ChatGPT जैसे AI टूल्स का उपयोग विशेष रूप से BPSC मेन्स परीक्षा और इंटरव्यू की तैयारी में किया।
नहीं दिया मॉक टेस्ट
दिलचस्प बात यह है कि अमीषा ने अपनी तैयारी के दौरान प्रीलिम्स, मेन्स या इंटरव्यू के लिए किसी भी प्रकार का मॉक टेस्ट नहीं दिया। इसके बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति, नियमित अभ्यास और कॉन्सेप्ट की मजबूत समझ के बल पर परीक्षा के सभी चरण सफलतापूर्वक पार किए।
दूसरे प्रयास में मिली सफलता
BPSC की यह परीक्षा अमीषा का दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास से मिली सीख को उन्होंने अपनी ताकत बनाया और दूसरी कोशिश में सफलता हासिल कर ली। ग्रामीण विकास अधिकारी के पद पर चयनित होने के बाद भी उन्होंने अपने सपनों को सीमित नहीं किया है। उनका अगला लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह बनाना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.