अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली ने घोषणा की है कि कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE)-5 2026 के तहत 7 ग्रुप कोड में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा (Re-Exam) देनी होगी।
कब हुआ था एग्जाम
यह फैसला 25 से 27 जुलाई 2026 के बीच आयोजित AIIMS CRE-5 परीक्षा के बाद लिया गया है। आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, विशेषज्ञ समिति (Expert Committee) की सिफारिशों और सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority) की मंजूरी के बाद इन 7 ग्रुप कोड के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। AIIMS ने यह भी स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम केवल उन्हीं उम्मीदवारों पर लागू होगा, जिन्होंने इन सात निर्धारित ग्रुप कोड के तहत परीक्षा दी थी। अन्य सभी ग्रुप कोड के अभ्यर्थियों पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा और उनकी भर्ती प्रक्रिया पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
AIIMS CRE-5 री-एग्जाम 2026: किन ग्रुप कोड के उम्मीदवारों को फिर देनी होगी परीक्षा?
AIIMS ने जिन 7 ग्रुप कोड के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला किया है, वे इस प्रकार हैं:
ग्रुप कोड- पद
ग्रुप कोड 3-डेटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड-A, जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट (JAA), लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), अपर डिवीजन क्लर्क (UDC)
ग्रुप कोड 20- पर्सनल असिस्टेंट (PA), पीए टू प्रिंसिपल (S), स्टेनोग्राफर, प्राइवेट सेक्रेटरी
ग्रुप कोड 28- असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर
ग्रुप कोड 32- जूनियर मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर (रिसेप्शनिस्ट), रिसेप्शनिस्ट
ग्रुप कोड 33- जूनियर वार्डन, वार्डन, हॉस्टल वार्डन
ग्रुप कोड 48- टेलीफोन ऑपरेटर
ग्रुप कोड 58- सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर, मैनेजर ग्रेड-II, सुपरिंटेंडेंट, सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर (ऑडिट)
AIIMS ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों को इन 7 ग्रुप कोड के लिए पहले एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, वे सभी री-एग्जाम में शामिल होने के पात्र होंगे। हालांकि, इसके लिए उनके परीक्षा रिकॉर्ड का आधिकारिक सत्यापन किया जाएगा और उन्हें निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा। सत्यापन के बाद पात्र उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
री-एग्जाम की तारीख अलग से होगी घोषित
AIIMS ने बताया है कि री-एग्जाम की तारीख अलग से घोषित की जाएगी। संस्थान ने यह भी कहा है कि परीक्षा कम समय के नोटिस पर आयोजित की जा सकती है, लेकिन उम्मीदवारों को परीक्षा तिथि से कम से कम 10 दिन पहले इसकी सूचना दे दी जाएगी। री-एग्जाम का विस्तृत शेड्यूल, एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट और उम्मीदवारों के डैशबोर्ड पर अलग से जारी किए जाएंगे।
वहीं, CRE-5 के अन्य सभी ग्रुप कोड की भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी और उनके परिणाम अलग से घोषित किए जाएंगे। साथ ही, मूल भर्ती विज्ञापन (Recruitment Advertisement), उसके बाद जारी सभी नोटिस और संशोधन (Corrigendum) री-एग्जाम प्रक्रिया के दौरान भी पूरी तरह लागू रहेंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.