हींग खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है, लेकिन आजकल बाजार में मिलावटी हींग भी मिल रही है। अगर आपको भी अपनी हींग की शुद्धता पर शक है, तो घर पर इन आसान तरीकों से इसे टेस्ट कर सकते हैं।
हींग ऐसी चीज है, जो खाने में थोड़ी सी डालने पर भी उसकी खुशबू और स्वाद बदल देती है। दाल हो, सब्जी हो या कढ़ी, चुटकी भर हींग खाने को एक अलग स्वाद दे देती है। लगभग हर भारतीय रसोई में इसका इस्तेमाल होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो हींग आप बाजार से खरीदकर ला रहे हैं, वह सच में अच्छी क्वालिटी की है या नहीं?
हाल में कुछ हींग के प्रोडक्ट्स को लेकर FSSAI की जांच और कार्रवाई की खबर सामने आई है। इसके बाद लोगों के बीच भी हींग में मिलावट को लेकर सवाल बढ़ गए हैं। हींग में दूसरी चीजें मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में खरीदते समय थोड़ा सावधान रहना जरूरी है। अगर आपको अपनी हींग की क्वालिटी पर शक है, तो ये 3 आसान तरीके घर पर शुरुआती जांच के लिए ट्राई कर सकते हैं।
1. सबसे पहले खुशबू चेक करें
असली हींग की खुशबू काफी तेज होती है। इसकी थोड़ी सी मात्रा भी आसानी से सूंघी जा सकती है। अगर हींग में खुशबू बहुत कम है या उसकी महक अजीब और बनावटी लग रही है, तो हो सकता है कि इसमें दूसरी चीजें मिली हों। लेकिन केवल खुशबू से ही हींग को असली या नकली ना मानें। यह सिर्फ एक शुरुआती संकेत है।
2. पानी में डालकर देखें
हींग को पानी में डालकर भी उसकी शुरुआती जांच की जा सकती है। एक गिलास पानी लें और उसमें थोड़ी सी हींग डालें। अच्छी हींग पानी में धीरे-धीरे घुल जाती है और पानी थोड़ा दूधिया दिखाई देता है। अगर नीचे बहुत ज्यादा चीज जमा हो जाए या हींग के कण अलग-अलग नजर आ रहें हों, तो उसमें दूसरी चीजें मिली होने के चांसेस हैं।
3. आग से टेस्ट करें
असली हींग आग के संपर्क में आते ही जल्दी जलती है और इसकी लौ तेज होती है। अगर जलने के बाद ज्यादा राख बचती है, तो हींग में मिलावट हो सकती है।
- रंग भी देख लें
हींग आमतौर पर हल्के पीले या भूरे रंग की होती है। अगर हींग बहुत ज्यादा सफेद या जरूरत से ज्यादा चमकीली दिख रही है, तो पैकेट पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें। हालांकि, सिर्फ रंग देखकर भी हींग को मिलावटी नहीं कहा जा सकता। अलग-अलग तरह की हींग का रंग अलग हो सकता है।
- हींग में किस चीज की मिलावट हो सकती है?
हींग की मात्रा बढ़ाने या लागत कम करने के लिए इसमें दूसरी चीजें मिलाई जा सकती हैं। स्टार्च, आटा और नमक जैसी चीजें इसमें मिली हो सकती हैं। इसलिए पैकेट वाली हींग खरीदते समय उसमें इस्तेमाल हुई चीजों की लिस्ट जरूर पढ़ें। साथ ही पैकिंग और इस्तेमाल करने की आखिरी तारीख भी चेक करें।
- मिलावटी हींग खाने से क्या होता है?
अगर हींग में मिलावट है, तो इससे आपको असली हींग वाले फायदे नहीं मिलेंगे। इसके अलावा मिलावट में इस्तेमाल की गई किसी चीज से कुछ लोगों को परेशानी भी हो सकती है। ऐसी हींग खाने से गैस, पेट फूलना, अपच या पेट में दर्द जैसी परेशानी हो सकती है। अगर किसी मिलावटी चीज से एलर्जी हो, तो खुजली या त्वचा पर जलन भी हो सकती है।
डिस्क्लेमर: अगर हींग की क्वालिटी को लेकर ज्यादा शक है, तो उसे इस्तेमाल करने से बचें। घर पर किए गए टेस्ट सिर्फ शुरुआती अंदाजा देते हैं। हींग पूरी तरह शुद्ध है या नहीं, इसकी पक्की जानकारी सिर्फ लैब टेस्ट से ही मिल सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.