अल्जारी जोसेफ ने डैरेन सैमी को उनके उस बयान पर असहमति जताई है, जहां पर उन्होंने कहा था कि जोसेफ ने पाकिस्तान टेस्ट सीरीज में खेलने से इनकार किया है।
मिस्टर सैमी से कुछ नहीं कहना है
जोसेफ ने एंटीगुआ ऑब्जर्वर के गुड मॉर्निंग जोजो स्पोर्ट्स शो पर कहा, ”हमारी बातचीत हुई थी, मेरे और कोच के बीच में। मैंने क्रिकेट वेस्टइंडीज से भी बात की थी और अगर आप गौर करें, तो बोर्ड द्वारा जारी किए गए बयान में ‘निजी कारणों’ का जिक्र था। मिस्टर सैमी, जो लंबे समय से इस गेम से जुड़े रहे हैं, उन्हें अच्छी तरह पता है कि उस बयान का क्या असर होगा। तो ईमानदारी से कहूं तो उनके इस बयान के संबंध में मुझे मिस्टर सैमी से कुछ नहीं कहना है।”
उन्होंने आगे कहा, ”जैसा मैंने कहा, वह अच्छी तरह जानते हैं कि उस बयान का क्या असर होता और इससे लोगों के मन में गलत धारणा बनेगी।”
सीरीज के लिए टीम की घोषणा करते हुए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कहा था कि जोसेफ निजी कारणों से उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन सैमी ने इस बारे में और जानकारी दी। सैमी ने सीरीज के पहले मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा था, ”हमारे लिए यह एक बड़ा नुकसान है। जोसेफ ने टीम में चुने जाने से इनकार कर दिया है। यही सच है। ” कोच ने कहा था, ”उन्हें चुना गया था। मेरा मतलब है, वह चोट से वापसी कर रहे हैं। और उसके बाद कुछ कारणों से उन्होंने चयन से इनकार कर दिया। यह फैसला मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। मैं इसे निदेशकों पर छोड़ता हूं कि वे इसका कोई समाधान निकालें कि अनुबंधित खिलाड़ी चुने जाने से इनकार करते हैं तो क्या होगा। ‘’
वेस्टइंडीज ने जीता पहला मैच
जोसेफ ने वेस्टइंडीज के लिए 42 टेस्ट खेले हैं और 130 विकेट लिए हैं। दूसरा टेस्ट दो अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में 90 रन से हराकर दो मैच की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। पहली पारी में 311 रन बनाने वाली वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी दूसरी पारी में 181 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा लेकिन उसकी टीम केवल 120 रन पर आउट हो गई। पाकिस्तान में पहली पारी में 282 रन बनाए थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.