पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। वहाब रियाज को महिला क्रिकेट टीम के मेंटोर और आकिब जावेद को वरिष्ठ चयनकर्ता पद से हटाया जा सकता है। मोहसिन नकवी और भी कड़े फैसले ले सकते हैं।
मोहसिन नकवी को हो गया है अहसास
पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वहाब रियाज को भी एशियाई खेलों के बाद कोचिंग स्टाफ के साथ राष्ट्रीय महिला टीम के मेंटोर पद से हटाए जाने की संभावना है। वह पिछले साल से इस भूमिका में हैं। एक सूत्र ने कहा, ”मोहसिन नकवी को भी अब अहसास हो गया है कि हार का सिलसिला और पाकिस्तान क्रिकेट में अचानक होने वाली घटनाओं को खत्म करने के लिए कुछ बड़े कदम उठाने की जरूरत है इसलिए ये बदलाव अब संभावित हैं।” आकिब को पिछले दो वर्षों में पीसीबी द्वारा लिए गए कई अहम क्रिकेट फैसलों के पीछे प्रमुख व्यक्ति माना जाता रहा है। इनमें दूसरे टेस्ट के बाद इंग्लैंड दौरे के दौरान पाकिस्तान टीम और कोचिंग स्टाफ में व्यापक बदलाव का विवादास्पद फैसला भी शामिल है। पाकिस्तान के इस पूर्व टेस्ट गेंदबाज को हाल के समय में पाकिस्तान क्रिकेट में मची उथल-पुथल के लिए भी व्यापक रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है। इस दौरान कोचिंग स्टाफ और कप्तानी में लगातार बदलाव हुए हैं।
माइक हेसन संभाल सकते हैं टेस्ट कोच की जिम्मेदारी
सूत्र ने कहा कि चयन और क्रिकेट से जुड़े अन्य मामलों में बदलाव करने का पीसीबी का फैसला सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच माइक हेसन के इस संकेत से भी प्रभावित हुआ कि वह टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री की भी भूमिका निभा रहे नकवी रविवार रात महिला एशिया कप फाइनल के लिए दुबई में थे। इस दौरान एक और विवाद खड़ा हो गया जब भारतीय टीम ने उनसे विजेता ट्रॉफी नहीं ली। यह 2025 पुरुष एशिया कप के दुबई में खेले गए फाइनल के विवाद की पुनरावृत्ति थी जब भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
इग्लैंड ने 3-0 से रौंदा
बता दें कि हाल ही में पाकिस्तान की टीम तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर थी, जहां उसने बिल्कुल भी माकूल प्रदर्शन नहीं किया। पहले तो लीड्स में पारी और बड़े रनों के अंतर से मिली हार झेलनी पड़ी। उसके बाद लॉर्ड्स में 194 रनों से अंग्रेजों ने रौंदा। लॉर्ड्स की हार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पचा नहीं सका और बड़े फैसले लेने की शुरुआत की। बीच सीरीज में ही 7 खिलाड़ियों को स्वदेश बुला लिया गया। हेड कोच और बॉलिंग कोच की भी छुट्टी कर दी गई। इसके बाद खबर आई कि मिस्बाह-उल-हक ने भी चयन समिति से इस्तीफा दे दिया है। रिजवान और इमाम पर जांच भी बैठ गई है और उसके बाद भी पीसीबी लगातार बड़े फैसले लेने से बाज नहीं आ रही है। तीसरे मुकाबले में भी पाकिस्तान को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। अंग्रेजों ने क्लीन स्वीप किया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.