गर्भावस्था के दौरान हाथ, पैर और टखनों में सूजन आना आम बात हो सकती है। लेकिन हर सूजन सामान्य नहीं होती। जानिए इसके कारण, राहत पाने के आसान तरीके और कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।
गर्भावस्था के दौरान शरीर में कई बदलाव होते हैं। इन्हीं बदलावों में से एक है हाथों, पैरों, टखनों या चेहरे पर हल्की सूजन आना। कई महिलाएं इसे देखकर घबरा जाती हैं, जबकि कई बार यह शरीर की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती है। हालांकि, हर तरह की सूजन को हल्के में लेना भी सही नहीं है। अगर सूजन अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाए या इसके साथ कुछ दूसरे लक्षण भी दिखाई दें, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वैदेही मराठे के अनुसार, गर्भावस्था में सूजन आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे राहत पाने के लिए क्या किया जा सकता है।
गर्भावस्था में सूजन क्यों आती है?
गर्भावस्था के दौरान शरीर में लिक्विड जमा होने लगता है। इसी वजह से हाथ, पैर, टखने और कभी-कभी चेहरे पर भी सूजन दिखाई देती है।
सूजन बढ़ाने वाले कारण
- गर्मी का मौसम: ज्यादा गर्मी होने पर सूजन बढ़ सकती है।
- ज्यादा देर तक खड़े या बैठे रहना: एक ही जगह लंबे समय तक रहने से पैरों में सूजन ज्यादा महसूस होती है।
- कम पानी पीना: शरीर में पानी की कमी होने पर भी सूजन बढ़ सकती है।
- ब्लड फ्लो में बदलाव: गर्भावस्था के दौरान बढ़ते शिशु की वजह से शरीर में रक्त प्रवाह बदलता है, जिससे सूजन हो सकती है।
सूजन कम करने के आसान तरीके
- एक ही स्थिति में ज्यादा देर ना रहें: लगातार खड़े या बैठे रहने की बजाय बीच-बीच में थोड़ा चलें।
- पैरों को ऊंचा रखकर आराम करें: दिन में कुछ समय पैरों को तकिए पर रखकर आराम करने से राहत मिल सकती है।
- पर्याप्त पानी पिएं: शरीर को हमेशा पानी की जरूरत होती है। पर्याप्त पानी पीने से शरीर में पानी का संतुलन बना रहता है।
- नमक और पैकेट वाले खाद्य पदार्थ कम खाएं: बहुत ज्यादा नमक और तैयार पैकेट वाले खाद्य पदार्थ सूजन बढ़ा सकते हैं।
- हल्की सैर करें: डॉक्टर की सलाह के अनुसार रोज हल्की सैर या सुरक्षित व्यायाम करें।
कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए?
हर सूजन सामान्य नहीं होती। अगर सूजन अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाए, तेज सिरदर्द हो, बल्ड प्रेशर बढ़ा हुआ हो या धुंधला दिखाई देने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। ये लक्षण गंभीर समस्या की ओर संकेत कर सकते हैं।
अस्वीकरण: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। गर्भावस्था के दौरान किसी भी तरह की परेशानी या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने की बजाय स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.