अबू जानी और संदीप खोसला के इवेंट में अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका मर्चेंट बेहद खूबसूरत दिख रही थीं। लेकिन आउटफिट से ज्यादा उनकी कलाई पर बंधी खूबसूरत घड़ी ने ध्यान खींचा। चलिए आपको इस घड़ी की कीमत और खासियत बताते हैं।
हीरे-रत्नों से जड़ी थी घड़ी
राधिका मर्चेंट ने घड़ी अपनी कलाई पर बांधी हुई थी, वह 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बनी एक दुर्लभ Patek Philippe टाइमपीस वॉच थी। इस घड़ी की खासियत सिर्फ इसका कीमती मटेरियल ही नहीं, बल्कि इसकी शानदार जड़ाऊ कारीगरी भी है। इस घड़ी का केस आयताकार है और यह 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बनी है। इसकी चौड़ाई करीब 24 मिलीमीटर और लंबाई 27.8 मिलीमीटर है। घड़ी के डायल पर डायमंड और एमराल्ड जड़े हुए हैं। 12 और 6 नंबर की जगह रोमन अंकों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसका लुक काफी क्लासी नजर आता है।
1,700 से ज्यादा कीमती रत्नों से सजी है घड़ी
रिपोर्ट के मुताबिक, इस खास घड़ी में 1,700 से ज्यादा डायमंड और एमराल्ड जड़े हुए हैं। घड़ी की सबसे खास बात है कि इसमें लगे कीमती पत्थर हैं। इसमें करीब 33.64 कैरेट के 864 बैगेट-कट डायमंड जड़े हैं। इसके अलावा करीब 1.62 कैरेट के 855 और डायमंड भी लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, घड़ी में 54 मार्कीज-कट एमराल्ड भी हैं, जिनका वजन करीब 1.29 कैरेट है। इसके साथ करीब 1.69 कैरेट के 241 और एमराल्ड भी जड़े हुए हैं।
कीमत भी है हैरान करने वाली
द इंडियन हॉरोलॉजी के इंस्टा पेज के मुताबिक, इस खास टाइमपीस घड़ी की कीमत भारतीय रुपये के अनुसार करीब 1.51 करोड़ रुपये बैठती है। इतनी बड़ी कीमत के कारण ही यह घड़ी सबसे लग्जरी घड़ियों में से एक है। इस तरह की घड़ियों को ऑर्डर देकर भी बनवाया जाता है। राधिका इसके पहले भी इस तरह की लग्जरी घड़ियां कैरी कर चुकी हैं और यह बात साबित करती हैं कि वह स्टाइल के साथ लग्जरी चीजों का शौक रखती हैं।
सोशल मीडिया पर रिएक्शन
इस घड़ी की फोटो और कीमत जब से सोशल मीडिया पर सामने आई है, तब से लोग इस पर रिएक्शन दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतने में 3 महंगी गाड़ियां या फिर बड़ा बंगला खरीद सकते हैं। यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि राधिका को घड़ियों का काफी शौक है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.