WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक बेहद काम का फीचर लेकर आई है। अब वॉट्सऐप यूजर्स सीधे ऐप से ही बिजली, पानी, गैस, फास्टैग, इंश्योरेंस और क्रेडिट कार्ड के बिलों का पेमेंट कर सकेंगे। कैसे होगा सारा काम और कहां मिलेगा यह ऑप्शन, चलिए डिटेल में बताते हैं सबकुछ…
नई सुविधा भारत बिल पेमेंट सिस्टम (बीबीपीएस) द्वारा संचालित है जिसे भारत कनेक्ट के नाम से भी जाना जाता है। वॉट्सऐप का कहना है कि यूजर्स को 30 अलग-अलग कैटेगरी में 22,722 बिलर्स तक पहुंच प्राप्त होगी।
इसमें बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड बिल और लोन चुकाने जैसे आम पेमेंट शामिल हैं।
WhatsApp पर बिल का पेमेंट कैसे करें
– यूजर्स WhatsApp खोलकर और होम स्क्रीन के ऊपर दिए गए (₹) आइकन पर टैप करके नए बिल पेमेंट ऑप्शन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
– इसके बाद, वे बिल की कैटेगरी और अपने बिलर को चुन सकते हैं।
– अपने अकाउंट की जानकारी जोड़ने और कन्फर्म करने के बाद, WhatsApp बिल की रकम और दूसरी जरूरी जानकारी ले लेगा।
– पेमेंट करने से पहले यूजर्स जानकारी को देख सकते हैं।
– आप UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके पेमेंट कर सकते हैं।
अलग-अलग बिलों को मैनेज करना आसान हो जाएगा
WhatsApp ‘पेमेंट्स होम’ सेक्शन में पहले से भरे गए बिल भी दिखाएगा, ताकि यूजर्स आसानी से उसी बिलर तक दोबारा पहुंच सकें। यूजर्स एक ही बिलर के साथ कई अकाउंट भी मैनेज कर सकते हैं।
उदाहरण के लिए, जो व्यक्ति अपने घर और ऑफिस के बिजली कनेक्शन को मैनेज कर रहा है, वह हर बार अलग-अलग प्रोवाइडर खोजने के बजाय दोनों अकाउंट एक ही प्रोवाइडर के पास रख सकता है।
यह ऐप सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली बिल कैटेगरीज को भी अपने-आप हाईलाइट करेगा, जबकि यूजर्स कैटेगरीज की पूरी लिस्ट देखने के लिए ‘See All’ चुन सकते हैं।
मेटा की इस ऐप का कहना है कि नया ‘बिल पेमेंट’ फीचर धीरे-धीरे पूरे भारत में रोलआउट किया जा रहा है। आने वाले हफ्तों में यह Android और iOS, दोनों तरह के यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। इसलिए अगर यह अभी आपको नहीं दिख रहा है, तो टेंशन मत लीजिए, क्योंकि आने वाले कुछ दिनों में यह फीचर सभी के पास पहुंच जाएगा।
मेटा (इंडिया) के मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास ने कहा, “बिल पेमेंट के साथ, हम हर घर के रोजमर्रा के कामों में से एक को बहुत आसान बना रहे हैं। अब आपको कई ऐप्स के बीच उलझने या कई ड्यू डेट्स (भुगतान की तारीखों) को ट्रैक करने की जरूरत नहीं होगी। हम चाहते हैं कि WhatsApp पर बिल का भुगतान करना उतना ही आसान हो जाए जितना कि मैसेज भेजना, और देश के सबसे दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों तक डिजिटल पेमेंट की सुविधा पहुंचा सकें।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.