वसीम जाफर ने कहा है कि वह संजू सैमसन को क्रिकेट विश्व कप 2027 में बतौर बैकअप ओपनर संजू सैमसन को नहीं देखते। उन्होंने सलाह दी है कि अनुभवी बल्लेबाज को टी20 इंटरनेशनल पर ध्यान देना चाहिए।
संजू में निरंतरता की समस्या है
भारत के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने कहा है कि वह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के लिए बैकअप ओपनर के रूप में नहीं देखते। उन्होंने इसके पीछे मुख्य वजह अनुभवी बल्लेबाज सैमसन के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी को बताया है। दूरदर्शन के ‘द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो’ में वसीम जाफर ने कहा, ”मैं वनडे विश्व कप 2027 में संजू सैमसन को बतौर बैकअप ओपनर नहीं देखता हूं। मुझे लगता है उनमें निरंतरता की कमी है। वनडे क्रिकेट में आपको थोड़ा ज्यादा निरंतरता की जरूरत होती है क्योंकि वहां क्रीज पर रुकने का ज्यादा समय मिलता है। संजू ने पिछले वनडे में जरूर शतक लगाया है लेकिन उन्होंने काफी वनडे क्रिकेट खेली है और निरंतरता उनके लिए एक समस्या रही है। मुझे लगता है कि संजू सैमसन से बेहतर कुछ विकल्प भारत के पास हैं। मेरा ख्याल है कि संजू को सिर्फ टी-20 क्रिकेट खेलने देना चाहिए।”
भारत के लिए 16 वनडे मैच खेलते हुए संजू सैमसन ने 510 रन बनाए हैं। उनका औसत 56.66 है। उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में संजू ने 66 मैचों में 1432 रन बनाए हैं। उनका औसत 27.01 है। उन्होंने तीन शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं।
यशस्वी-सुदर्शन का नाम दिया
जाफर ने आगे कहा, ”निश्चित रूप से यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन मुझे लगता है कि वह अच्छा कर सकता है। उनके पास 50 ओवर के क्रिकेट के लिए तकनीक है, स्ट्राइक रोटेट अच्छी तरह करते हैं और बहुत पारंपरिक क्रिकेट खेलते हैं। शुभमन गिल पहले से ही वहां हैं। ऋतुराज भी वैसे ही खेलते हैं। 50 ओवर के क्रिकेट में आपको स्ट्राइक रोटेशन चाहिए। हमने देखा कि विराट कोहली कैसे करते हैं। वह स्ट्राइक रोटेट करते हैं और पारंपरिक क्रिकेट खेलते हैं। इसी की 50 ओवर के क्रिकेट में जरूरत होती है और मुझे लगता है कि ये नाम इसके लिए बेहतर तैयार हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.