इलेक्ट्रिक कार मार्केट में तहलका मचाने के बाद अब विनफास्ट भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में एंट्री की तैयारी कर रही है। कंपनी ने भारत में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Rasad का पेटेंट फाइल किया है।
प्रीमियम और स्पोर्टी डिजाइन
पेटेंट तस्वीरों के अनुसार Rasad एक प्रीमियम और परफॉर्मेंस-फोकस्ड इलेक्ट्रिक मैक्सी-स्कूटर जैसा दिख रहा है। इसमें बड़ा टूरिंग-स्टाइल विंडस्क्रीन, पॉलीगोनल हेडलैंप हाउसिंग और कंपनी के सिग्नेचर LED DRLs दिए गए हैं। स्कूटर में चौड़ा फ्रंट एप्रन और 14-इंच अलॉय व्हील्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा चौड़ा हैंडलबार और रेक्टैंगुलर डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। फ्रंट में चार्जिंग पोर्ट और सामान रखने के लिए स्टोरेज स्पेस भी मिल सकता है। इसमें स्पोर्टी स्टेप्ड सीट दी गई है, जो राइडर और पीछे बैठने वाले पैसेंजर के लिए काफी चौड़ी और कंफर्टेबल नजर आ रही है।
स्कूटर के साइड पैनल पर शार्प और एंगुलर डिजाइन दिया गया है, जबकि पीछे कॉम्पैक्ट टेललैंप और नॉर्मल टर्न इंडिकेटर्स मिलते हैं। इसमें टायर हगर भी दिखाई देता है। स्ट्रीट टायर्स से माना जा रहा है कि इसे खासतौर से शहर में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है। बेहतर ग्रिप के लिए पीछे चौड़ा टायर दिया गया है। सस्पेंशन के लिए टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और ड्यूअल रियर शॉक एब्जॉर्बर मिल सकते हैं। दोनों व्हील्स पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
100 kmph हो सकती है टॉप स्पीड
विनफास्ट ने अभी Rasad की बैटरी और मोटर से जुड़ी ऑफिशियल जानकारी शेयर नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें 7.1kW का सेंटर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकता है और इसकी टॉप स्पीड करीब 100kmph हो सकती है। डिजाइन और परफॉर्मेंस के लिहाज से इसका मुकाबला Yamaha Aerox और Honda ADV160 जैसी स्कूटर से हो सकता है।
2026 में भारत आ सकती है
विनफास्ट ने पहले भारत में 2026 के दौरान अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लॉन्च करने का प्लान बताया था। कंपनी के पोर्टफोलियो से वाइपर के अलावा नई इलेक्ट्रिक बाइक और Rasad को भी भारत लाया जा सकता है। चूंकि Rasad और नई इलेक्ट्रिक बाइक अभी दूसरे देशों में भी उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए भारत में इनकी एंट्री काफी दिलचस्प हो सकती है। कंपनी 2026 के अंत तक अपना पहला इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर भारत में लॉन्च कर सकती है। भारत के अलावा विनफास्ट फिलीपींस, थाईलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया जैसे एशियाई बाजारों में भी एक्सपैंड कर रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.