इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने अमेरिका के क्रिकेटर बोदुगुम अखिलेश रेड्डी पर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से 8 साल का प्रतिबंध लगाया है। ट्रिब्यूनल ने उन्हें आबू धाबी T10 लीग 2025 के दौरान मैच फिक्सिंग की कोशिश, दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाने और जांच के दौरान मोबाइल से सबूत मिटाने का दोषी पाया। यह प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा, जब उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। आईसीसी के मुताबिक, मामले की जांच एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की ओर से नियुक्त आईसीसी के एंटी-करप्शन अधिकारियों (DACO) ने की थी। किन आरोपों में दोषी पाए गए? आईसीसी एंटी-करप्शन ट्रिब्यूनल ने अखिलेश रेड्डी को तीन नियमों के उल्लंघन का दोषी माना। मैच फिक्सिंग की कोशिश (अनुच्छेद 2.1.1)
आबू धाबी T10 लीग 2025 के दौरान मैच के नतीजे, प्रगति या खेल के किसी हिस्से को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश। दूसरे खिलाड़ी को फिक्सिंग के लिए उकसाना (अनुच्छेद 2.1.4)
एक अन्य खिलाड़ी या प्रतिभागी को मैच फिक्सिंग के लिए फुसलाना, प्रोत्साहित करना या राजी करना। जांच में बाधा डालना (अनुच्छेद 2.4.7)
एंटी-करप्शन जांच के दौरान मोबाइल फोन से संबंधित मैसेज और डेटा डिलीट करना। मोबाइल से डेटा डिलीट करना भी पड़ा भारी जांच के दौरान अखिलेश ने अपने मोबाइल से महत्वपूर्ण चैट और डेटा हटा दिया था। ट्रिब्यूनल ने इसे जांच में बाधा डालने का गंभीर मामला माना और इसी आधार पर उन्हें तीसरे आरोप में भी दोषी ठहराया। गवाहों और अन्य संबंधित लोगों की पहचान गोपनीय रखने के लिए आईसीसी ने अपनी सार्वजनिक रिपोर्ट के कुछ हिस्सों को छिपाया है। अमेरिका के लिए खेल चुके हैं 4 टी20 इंटरनेशनल 26 साल के अखिलेश रेड्डी अमेरिका की राष्ट्रीय टीम के लिए चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। डेब्यू: केमैन आइलैंड्स के खिलाफ नॉर्थ अमेरिका टी20 कप में। प्रदर्शन: बल्लेबाज और पार्ट-टाइम गेंदबाज के तौर पर खेले। उनके नाम 4 मैचों में 1 विकेट दर्ज है। आबू धाबी T10 लीग में आईसीसी की क्या भूमिका है? आबू धाबी T10 लीग का आयोजन एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) करता है। टूर्नामेंट में भ्रष्टाचार रोधी नियमों को लागू करने और उनकी निगरानी की जिम्मेदारी आईसीसी के एंटी-करप्शन अधिकारियों (DACO) को सौंपी गई है। इसी अधिकार के तहत इस मामले की जांच और सुनवाई की गई।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.