त्योहार बिना मिठाई के अधूरा रहता है और मिठाइयों में मिलावट होने की खबरें आने लगी हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आप सही मिठाई खरीदकर खा रहे हैं? चलिए आपको मिठाई की शुद्धता की पहचान करने के कुछ तरीके बताते हैं।
मिठाई में क्या होती है मिलावट
मिठाई में मिलावट के लिए अक्सर सस्ता या नकली मावा/खोया, सिंथेटिक दूध, स्टार्च, घटिया वनस्पति तेल/फैट, नकली घी और केमिकल कलर का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ मामलों में चांदी के वर्क की जगह एल्युमिनियम का इस्तेमाल किए जाने की भी चेतावनी दी गई है। ऐसे में फूड सेफ्टी की तरफ से मिठाई को अच्छे से चेक करने के बाद ही खरीदने की सलाह दी जाती है।
इन 3 तरीकों से करें मिलावटी मिठाई की पहचान
- खोया-मावा वाली मिठाई
अगर आप खोया या मावा वाली मिठाई खरीद रहे हैं, तो उसकी पहचान हथेली पर रगड़ने से करें। मावा शुद्ध होगा तो मिठाई को रगड़ने पर चिकनाई आपको दिखेगी। नकली खोया होने पर मिठाई रबड़ जैसी लगेगी और अजीब सी गंध भी आती है। इसके अलावा ताजी मिठाई हाथों पर चिपकेगी नहीं, अगर वह चिपक रही है तो गड़बड़ है।
- खाकर करें चेक
मिठाइयों को देखकर आपको कभी समझ नहीं आएगा कि कौन सी सही है और कौन सी खराब। मिठाई ऐसी दिखती है, जैसे सब अच्छी और ताजी है लेकिन अंदर से वह खराब हो सकती है। इसके लिए जरूरी है कि आप खाकर देखें। अगर आपको कड़वापन, अजीब स्वाद आए तो समझ लीजिए कि केमिकल कलर या फिर अन्य मिलावट की गई है।
- पानी-आग से करें जांच
मिठाई की शुद्धता की पहचान आप पानी से भी कर सकते हैं। एक गिलास गुनगुने पानी में मिठाई को डालें और फिर 5 मिनट बाद चेक करें। पानी में झाग बनता है या फिर कलर बदल जाता है, तो समझ लीजिए मिलावट की गई है। चांदी वर्क वाली मिठाई को जलाकर चेक करें। अगर जलाने पर वह गोल हो जाता है, तो समझ लीजिए वर्क असली नहीं है बल्कि खराब है।
नोट- इन तरीकों से आप मिठाई में मिलावट का शुरुआती अंदाजा लगा सकते हैं, लेकिन इनसे शुद्धता की 100% सटीक पुष्टि जरूरी नहीं है। इसकी सही जांच के लिए किसी अच्छी लैब में टेस्ट कराना जरूरी होता है। अगर आपको किसी मिठाई में मिलावट का संदेह है, तो इसकी शिकायत संबंधित फूड सेफ्टी विभाग से करें। त्योहार के दौरान मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतें और अपनी सेहत का ख्याल रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.