Tips and Tricks: जमुई के किसान कैलाश सिंह बताते हैं कि कोल्ड स्टोरेज के अलावा आलू को सही जगह और तरीके से रखने पर गर्मी में भी सुरक्षित रखा जा सकता है. भूसा, सूखी घास, राख या बालू का उपयोग करें. आलू को प्याज से दूर रखें और समय-समय पर जांचते रहें.
बुजुर्ग किसान कैलाश सिंह बताते हैं कि अगर आलू को सही जगह और सही तरीके से रखा जाए तो गर्मी के मौसम में भी इसे लंबे समय तक खराब होने से बचाया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले आलू को अच्छी तरह छांटना जरूरी होता है. जो आलू कटे-फटे या सड़े हुए हों उन्हें अलग कर देना चाहिए. क्योंकि ऐसे आलू बाकी आलू को भी जल्दी खराब कर देते हैं. इसके बाद आलू को सीधे धूप में नहीं, बल्कि हवादार और ठंडी जगह पर रखना चाहिए.
जमीन पर भी कर सकते हैं भंडारण
कैलाश सिंह बताते हैं कि पुराने समय में लोग आलू को मिट्टी के फर्श पर या बांस की टोकरी में रखते थे, जिससे नीचे से हवा लगती रहती थी. कई जगहों पर आलू को भूसा या सूखी घास के बीच रखकर भी सुरक्षित रखा जाता था. इसके लिए पहले जमीन पर भूसे की एक परत बिछाई जाती है, फिर उसके ऊपर आलू रखा जाता है और ऊपर से फिर भूसा डाल दिया जाता है. इससे आलू को नमी और ज्यादा गर्मी से बचाव मिलता है.
वहीं, कुछ लोग आलू के साथ सूखी राख या बालू भी डाल देते हैं, जिससे आलू जल्दी खराब नहीं होता है. इसके अलावा यह भी ध्यान रखना चाहिए कि आलू को कभी भी बंद प्लास्टिक बैग में नहीं रखना चाहिए. क्योंकि इससे हवा नहीं मिलती और आलू जल्दी सड़ने लगता है. पुराने समय में लोग आलू को जूट की बोरी या टोकरी में रखते थे, जिससे हवा का संचार बना रहता था और आलू ज्यादा दिनों तक सुरक्षित रहता था.
कभी भी ना करें यह गलती
वहीं, कैलाश सिंह बताते हैं कि आलू को प्याज के साथ भी नहीं रखना चाहिए. क्योंकि दोनों से निकलने वाली गैस एक-दूसरे को जल्दी खराब कर देती है. इसके अलावा आलू को समय-समय पर जांचते रहना भी जरूरी होता है. अगर किसी आलू में सड़न या अंकुर निकलने लगे तो उसे तुरंत अलग कर देना चाहिए. कई ग्रामीण परिवार आज भी घर के ठंडे कमरे, मिट्टी के कोठार या छायादार जगह में आलू को भूसा और टोकरी के सहारे सुरक्षित रखते हैं. इन आसान देसी तरीकों को अपनाकर गर्मी के मौसम में भी आलू को लंबे समय तक खराब होने से बचाया जा सकता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.