भारतीय मार्केट में कॉम्पैक्ट एसयूवी की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए अगले करीब दो साल में महिंद्रा, फॉक्सवैगन, हुंडई, होंडा, टाटा, किआऔर मारुति सुजुकी नए एसयूवी मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
महिंद्रा और फॉक्सवैगन की नई कार
महिंद्रा कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में एक नया नाम जोड़ने की तैयारी कर रही है। विजन एस कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन तैयार किया जा रहा है। इसे XUV 3XO और स्कॉर्पियो N के बीच रखा जा सकता है। यह कंपनी के नए NU_IQ मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी। इसमें 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन मिलने की रिपोर्ट है। दूसरी ओर, फॉक्सवैगन भी अगले साल टेरा के साथ इस सेगमेंट में एंट्री कर सकती है। यह MQB A0 IN प्लेटफॉर्म पर बेस्ड हो सकती है। इसमें 1.0-लीटर टीएसआई टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। इसके फीचर्स स्कोडा काइलाक से मिलते-जुलते हो सकते हैं।
हुंडई लाएगी दो नई SUV
हुंडई भी इस सेगमेंट में दो नए मॉडल लाने की तैयारी में है। इनमें से एक भारत के लिए खास तौर पर तैयार की गई इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट एसयूवी होगी। इसकी एंट्री इस साल के अंत से पहले होने की उम्मीद है। इसकी रियल-वर्ल्ड रेंज करीब 500 किलोमीटर हो सकती है और इसका मुकाबला टाटा पंच ईवी और महिंद्रा एक्सयूवी 3XO EV से होगा। इसके अलावा, थोड़ी बड़ी बेयोन भी जल्द भारत आ सकती है। इससे हुंडई के पास मौजूदा कॉम्पैक्ट और मिडसाइज एसयूवी के बीच एक और ऑप्शन हो जाएगा।
होंडा और रेनॉल्ट की भी तैयारी
होंडा की कॉम्पैक्ट एसयूवी की एंट्री 2028 की शुरुआत में होने की उम्मीद है। यह नई अमेज के आर्किटेक्चर को साझा कर सकती है। शुरुआत में इसमें 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिल सकता है। कंपनी इसमें हाइब्रिड तकनीक भी दे सकती है। वहीं, रेनॉल्ट की ब्रिजर एसयूवी को 2027 के अंत के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। यह काइगर और डस्टर के बीच रखी जाएगी और इसमें 48-वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड पावरट्रेन मिलने की संभावना है। टाटा भी नई जनरेशन नेक्सन पर काम कर रही है। नई नेक्सन में लंबा व्हीलबेस और बिल्कुल अलग डिजाइन मिलने की रिपोर्ट है। इसमें टर्बो पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के ऑप्शन जारी रह सकते हैं।
सोनेट से फ्रोंक्स तक होंगे बड़े बदलाव
किआ ने इस साल साइरोस ईवी के साथ अपने कॉम्पैक्ट एसयूवी पोर्टफोलियो को बढ़ाया है। अब अगली बड़ी तैयारी नई जनरेशन सोनेट की है। टेस्टिंग के दौरान इसके प्रोटोटाइप देखे जा चुके हैं। इसमें नया आर्किटेक्चर, ज्यादा बड़े डायमेंशन, पूरी तरह नया केबिन और एडिशनल सेफ्टी फीचर्स मिल सकते हैं। दूसरी ओर, विनफास्ट छोटी इलेक्ट्रिक एसयूवी VF 3 के साथ इस सेगमेंट के निचले हिस्से को टारगेट कर सकती है, जिसमें इंटरनेशनल मॉडल में 18.6kWh बैटरी मिलती है। मारुति सुजुकी ने ब्रेजा को अपडेट कर दिया है। अब फ्रोंक्स का मिड-साइकिल अपडेट अगला बड़ा बदलाव हो सकता है। यानी आने वाले दो साल में कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कई नए चेहरे और नए अवतार दिखाई देंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.