जसप्रीत बुमराह को अनफिट होने के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा। ऐसे में पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस बद्रीनाथ ने टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथ लिया है। तेज गेंदबाज बुमराह के घुटने में दिक्कत है।
‘कप्तान, कोच और सिलेक्टर्स…’
बद्रीनाथ ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, ”मुझे नहीं पता कि फैसला किसने लिया। सीओई सिलेक्शन नहीं करेगा, है ना? वे बस बताएंगे कि बुमराह के शरीर की क्या स्थिति है और मैच खेल सकते हैं या नहीं। लेकिन मुझे लगता है कि कप्तान, कोच और सिलेक्टर्स फैसला ले रहे हैं। सीओई सिर्फ जानकारी देता है। वे सिलेक्टर्स नहीं हैं।” भारतीय टीम इन दिनों चोटों के संकट का सामना कर रही है। बुमराह के अलावा साई सुदर्शन हर्षित राणा, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी अपनी-अपनी चोटों से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थिति सीओई में हैं। युवा बल्लेबाज सुदर्शन को भी श्रीलंका दौरे से बाहर होना पड़ा। उनके पैर के अंगूठे में चोट है।
‘बुमराह का ज्यादा इस्तेमाल हुआ’
बद्रीनाथ ने आगे कहा, ”इतनी सारी चोटों की असली वजह का मेरे पास तुरंत कोई जवाब नहीं है। यह देखना जरूरी है कि ये चोटें किस तरह की हैं। हाई लेवल प्रोफेशनल खेल में चोटें आम बात हैं। साई सुदर्शन को गेंद लगी। बुमराह के पुरानी चोट है क्योंकि उनका ज्यादा इस्तेमाल किया गया है। सुंदर फिटनेस से जूझते रहे हैं। उन्हें फिटनेस पर बहुत काम करने की जरूरत है। मैनेजमेंट और मॉनिटरिंग बहुत जरूरी है। चोटें खेल का हिस्सा हैं। आप इसे कंट्रोल नहीं कर सकते।” हाल ही में सीओई प्रमुख लक्ष्मण ने कहा था कि कड़े फिटनेस मानकों और मानव शरीर की प्रकृति को देखते हुए किसी खिलाड़ी का एक निश्चित समयसीमा में पूरी तरह फिट हो जाना हमेशा संभव नहीं होता।
‘यह मानव शरीर है, मशीन नहीं कि…’
लक्ष्मण ने कहा, ”यह समझना बहुत जरूरी है कि दिशानिर्देश और समयसीमा हमारी अपेक्षाओं के आधार पर तय की जाती हैं। लेकिन यह मानव शरीर है, मशीन नहीं कि हर बार तय समयसीमा के भीतर ही रिकवरी हो जाए।” उन्होंने बताया, ” खिलाड़ी की प्रगति की लगातार निगरानी की जाती है और उसके अनुसार प्रशिक्षण का भार बढ़ाया जाता है। चोट के उबरने से लेकर फिट घोषित होने और खिलाड़ी के सीओई छोड़ने तक यही प्रक्रिया जारी रहती है।” लक्ष्मण ने अपनी बात समझाने के लिए जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ”बुमराह और सुदर्शन के नाम के आगे हमेशा एक तारांकित निशान रहता है, जिसका अर्थ है ‘फिटनेस के अधीन’। इसलिए श्रीलंका के खिलाफ टीम के लिए उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस मिलने की शर्त पर होना था।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.