Jana Nayagan BO Day 4: थलापति विजय की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। अनगिनत कानूनी अड़चनों, विवादों और रिलीज में हुई देरी के बावजूद फिल्म सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है, जिसने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी चौंका दिया है। इस फिल्म ने शुरुआती चार दिनों के भीतर ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में भी विजय का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है।
‘जन नायकन’ बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग डे से ही धुआंधार कमाई कर रही है। फिल्म ने पहले दिन 50.28 करोड़ रुपये का बंपर कलेक्शन कर शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, दूसरे दिन इसके कलेक्शन में भारी गिरावट देखी गई और यह महज 24.72 करोड़ रुपये ही जुटा सकी। इसके बाद तीसरे दिन फिल्म की कमाई में एक बार फिर सुधार आया और इसने दूसरे दिन के मुकाबले उछाल दर्ज करते हुए 33.81 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया।
अब फिल्म के चौथे दिन के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ चुके हैं, जो इसके दूसरे और तीसरे दिन की कमाई के मुकाबले काफी बेहतर हैं। ट्रेड एनालिस्ट Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रविवार यानी चौथे दिन 32 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी के साथ विजय की फिल्म ने भारत में महज चार दिनों के भीतर कुल 124.75 करोड़ रुपये का धुआंधार कलेक्शन कर लिया है, जबकि ऑल इंडिया ग्रोस कलेक्शन 145.98 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विजय की फिल्म की विदेशी बाजारों में भी धूम
इसके अलावा ‘जन नायकन’ विदेशी बाजारों में भी धूम मचा रही है। फिल्म ने रविवार को लगभग 10 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया है। इसी के साथ अब इसका ओवरसीज ग्रोस कलेक्श 71.50 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि दुनियाभर में यह फिल्म 200 करोड़ के क्लब में एंट्री मार चुकी है। फिल्म ने रिलीज के महज चार दिन के अंदर दुनियाभर से 217.48 करोड़ रुपये का कुल ग्रोस कलेक्शन कर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है।
एच. विनोथ के निर्देशन में बनी ‘जन नायकन’ 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में थलापति विजय के अलावा बॉबी देओल, ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, प्रियमणि, प्रकाश राज, नारायण और गौतम वासुदेव मेनन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म आने वाले दिनों में रिकॉर्ड तोड़ कलेक्शन कर सकती हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.