आसन (दक्षिण कोरिया) पांच अगस्त ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए बुधवार को दूसरे दौर में जगह बना ली, लेकिन पुरुष एकल में विश्व चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत को पहले ही दौर में हारकर बाहर होना पड़ा जिससे भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह दिन मिलाजुला रहा। तीसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने चीन की युआन एन क्वी को सीधे गेम में 21-16, 21-15 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। तन्वी ने हाल ही में ताइपे ओपन में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीता था।
भारतीय खिलाड़ियों के महिला एकल के अन्य मुकाबले में रक्षिता रामराज ने शानदार वापसी करते हुए कोरिया की यू आ योन को 22-24, 21-12, 21-13 से हराया। वहीं मानसी सिंह ने किम जू यून को 14-21, 21-19, 21-9 से मात दी। पांचवीं वरीयता प्राप्त इशारानी बरुआ ने कोरिया की ली सो युल को 21-18, 15-21, 21-7 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
आठवीं वरीयता प्राप्त अनमोल खरब ने भी पहला गेम गंवाने के बाद हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी को 16-21, 21-17, 21-12 से शिकस्त दी। अश्मिता चालिहा ने जापान की रिको हिरामोटो को 22-20, 21-18 से हराया, जबकि श्रियांशी वालिशेट्टी ने चीनी ताइपे की पाई यू पो को 21-15, 21-14 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। तान्या हेमंत और आकर्षि कश्यप को हार का सामना करना पड़ा।
तान्या जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त हिना अकेची से 16-21, 20-22 से हारीं, जबकि आकर्षि कोरिया की किम मिन जी से तीन गेम के मुकाबले में 22-20, 21-23, 3-21 से पराजित हुईं। पुरुष एकल में तीसरी वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत को इजरायल के डेनियल डुबोवेंको ने कड़े मुकाबले में 20-22, 21-14, 12-21 से हराया। श्रीकांत की हार के साथ भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ियों के लिए दिन निराशाजनक रहा।
किरण जॉर्ज, मिथुन मंजूनाथ, तरुण मन्नेपल्ली और रौनक चौहान भी पहले दौर में ही बाहर हो गए। किरण कोरिया के पार्क सांग योंग से 15-21, 9-21 से हारे, जबकि मिथुन को चीन के झू शुआन चेन के खिलाफ 11-21, 9-21 से शिकस्त मिली। तरुण ने संघर्ष किया, लेकिन कोरिया के यू ताए बिन से 13-21, 21-12, 19-21 से हार गए।
रौनक को भी कोरिया के चौथी वरीयता प्राप्त जियोन ह्योक जिन ने 21-23, 19-21 से मात दी। सनीथ दयानंद को जापान के शीर्ष वरीय और विश्व नंबर-21 युदाई ओकिमोटो के खिलाफ चोट के कारण मैच बीच में छोड़ना पड़ा। युगल वर्ग में छठी वरीयता प्राप्त इशान भटनागर और श्रुति मिश्रा की मिश्रित जोड़ी ने हमवतन सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा को 20-22, 21-10, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
महिला युगल में सोनाली सिंह और ऋतिका ठाकेर ने कोरिया की बांग जी सुन और ह्यून जी जांग को 13-21, 21-15, 21-12 से हराया। अन्य भारतीय युगल जोड़ियों को हालांकि हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में ध्रुव रावत और मनीषा के तो वहीं पुरुष युगल में भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु का अभियान हार के साथ समाप्त हो गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.