- Hindi News
- Sports
- Sports News Headlines Updates; FIFA World Cup Women WC 2026 | Cricket Football Tennis News
- कॉपी लिंक
फुटबॉल वर्ल्ड कप में ब्राजील को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार फुटबॉलर नेमार दाहिनी पिंडली की चोट के कारण टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला भी नहीं खेल पाएंगे। ब्राजील फुटबॉल परिसंघ ने गुरुवार को बताया कि नेमार हैती के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम के साथ फिलाडेल्फिया नहीं जाएंगे।
34 साल नेमार न्यू जर्सी में रहकर अपनी रिकवरी प्रक्रिया जारी रखेंगे। वह टीम होटल की सुविधाओं में उपचार और फिटनेस पर काम करेंगे। ताकि जल्द से जल्द मैदान पर वापसी कर सकें। नेमार अभी तक पूरी टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन में शामिल नहीं हुए हैं।
ब्राजीलियाई स्टार नेमार को 17 मई को सैंटोस के लिए खेलते समय दाहिनी पिंडली में चोट लगी थी। चोट की प्रगति का आकलन करने के लिए सोमवार को उनके मेडिकल परीक्षण भी किए गए थे। ब्राजील ने अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत मोरक्को के खिलाफ 1-1 ड्रॉ से की थी। उस मुकाबले में भी नेमार उपलब्ध नहीं थे। अब टीम ग्रुप-सी में अपना दूसरा मैच हैती के खिलाफ खेलेगी।
स्पोर्ट्स की अन्य बड़ी खबरें भी पढ़िए…
पिछला IPL सबसे ज्यादा देखा गया, फाइनल सबसे ज्यादा देखा गया

IPL 19 के फाइनल में बेंगलुरु ने गुजरात को 5 विकेट से हराया। टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी।
मुंबई | IPL का 19वां सीजन लीग के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला सीजन बन गया है। इसकी कुल रीच 120 करोड़ के आंकड़े को पार गई। इस सीजन का फाइनल मुकाबला स्क्रीन पर अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मैच साबित हुआ। इस अकेले खिताबी मुकाबले ने टीवी और डिजिटल को मिलाकर 40 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड रीच हासिल की।
इस साल दर्शकों के मैच देखने के तरीकों में बड़ा बदलाव आया और डिजिटल स्क्रीन्स पर ग्रोथ दर्ज की गई। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुल वीडियो व्यूज 8% की सालाना बढ़त के साथ 25 अरब के पार पहुंच गए। डिजिटल माध्यमों पर क्षेत्रीय भाषाओं के वॉच-टाइम शेयर में 33% का भारी उछाल देखा गया। जियोस्टार के स्पोर्ट्स कंटेंट हेड सिद्धार्थ शर्मा के अनुसार, कंपनी की रणनीति खेल के दिग्गजों को एक साथ लाकर दर्शकों को मैच का एक अनोखा और इनसाइड अनुभव देने की थी। इस रणनीति के तहत भोजपुरी और हरियाणवी भाषाओं के फीड में असाधारण वृद्धि देखी गई।
आखिरी 4 मिनट में 2 गोल खाकर हारी भारतीय हॉकी टीम

रॉटरडैम | FIH प्रो लीग मुकाबले में भारत पुरुष हॉकी टीम को वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम एक समय जीत के करीब थी, लेकिन अंतिम चार मिनट में दो गोल खाकर मुकाबला गंवा बैठी।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ। तीसरे क्वार्टर में जुगराज सिंह ने 38वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारत बढ़त बनाए रखने में सफल दिख रहा था, लेकिन जर्मनी ने शानदार वापसी की।
56वें मिनट में जस्टस वाइगैंड ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर किया। मैच समाप्त होने से कुछ सेकंड पहले याकॉब ब्रिला ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर जर्मनी को 2-1 की जीत दिला दी। मैच में भारत को तीन और जर्मनी को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले। भारतीय टीम अपने मौके भुनाने और बढ़त बचाने में नाकाम रही।
एक दिन पहले भारत ने जर्मनी को 3-1 से हराकर यादगार जीत दर्ज की थी। उस मुकाबले में मनप्रीत सिंह ने अपना 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर भारत के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। भारत का अगला मुकाबला 21 जून को ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स से होगा।
——————————————–
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
