भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और प्रैक्टिस मैच में शुभमन गिल की उंगलियों में चोट लग गई है। पहले दिन वे मैदान पर नहीं दिखे। भारतीय क्रिकेट टीम पहले ही हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और नीतीश कुमार रेड्डी को चोट के कारण पीछे छोड़ आई है और अब शुभमन गिल भी चोटिल हो गए हैं। कप्तान की चोट अगर लंबी खिंचती है तो भारत के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
शुभमन गिल पिछले दो सालों में पहली बार चोटिल नहीं हुए हैं। वे 7 बार इंजर्ड हो चुके हैं और कई बार उन्हें महीने भर के लिए भी क्रिकेट की फील्ड से बाहर रहना पड़ा है। टेस्ट मैच से पहले गिल दो बार चोटिल हो चुके हैं। कई मैचों के दौरान उन्हें चोट लगी है। आईपीएल के मुकाबले में भी उनकी नस खिंचने की समस्या सामने आई थी। शुभमन गिल को 2024 में जब न्यूजीलैंड तीन मैचों की सीरीज खेलने भारतीय सरजमीं पर आई थी तब भी पहले मैच में गर्दन में अकड़न के कारण बाहर होना पड़ा था। इसके बाद जब भारत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलने गया था तो पर्थ मैच से पहले शुभमन गिल के अंगूठे में चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें मैच से बाहर होना पड़ा था। इस मुकाबले में विराट कोहली ने शतक लगाया था जो उनका आखिरी टेस्ट शतक था। गिल को नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में भी गर्दन में ऐंठन हुई थी और एक महीने तक डॉक्टर की निगरानी में रहे थे। दिसंबर 2025 में पैर के अंगूठे में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवां और आखिरी टी-20 मैच नहीं खेले थे। हालांकि, इस चोट पर कहा जाता है कि चोट बहाना था, गिल को टीम मैनेजनमेंट ने खराब प्रदर्शन के कारण बाहर किया था। अप्रैल 2026 में आईपीएल में भी गिल एक मैच गर्दन की अकड़न के कारण नहीं खेले थे। जुलाई 2026 में पहले वनडे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ पैर में जकड़न आ गई थी। और अब अगस्त में श्रीलंका सीरीज के पहले अभ्यास मैच में अंगूठे पर चोट लग गई है।
अक्टूबर 2024 से अगस्त 2026 तक शुभमन गिल को लगी चोटें
1. अक्टूबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में हुई टेस्ट सीरीज में गर्दन में अचानक अकड़न के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए।
2. नवंबर 2024- पर्थ में मैच सिमुलेशन के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगी। रिपोर्ट में हेयरलाइन फैक्चर बताया गया जिसकी वजह से वे पहला मैच नहीं खेल सके थे।
3. नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में ऐंठन। डॉक्टर की निगरानी में एक महीने तक क्रिकेट से दूर रहे।
4. दिसंबर 2025, पैर के अंगूठे में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांचवा टी-20 मैच नहीं खेल सके।
5. अप्रैल 2026, बार-बार गर्दन में जकड़न की समस्या के कारण आईपीएल का मैच छोड़ना पड़ा।
6. जुलाई 2026, में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में 80 रनों की पारी खेलने के बाद दाहिने पैर में ऐंठन के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।
7. अगस्त 2026, श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले कोलंबो में प्रैक्टिस के दौरान दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई।