शिलांग लाजोंग एफसी ने बृहस्पतिवार को यहां डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के ग्रुप ई के मुकाबले में लांगस्निंग एफसी के साथ 3-3 से रोमांचक ड्रॉ खेलकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। इस नतीजे से शिलांग लाजोंग सात अंक के साथ ग्रुप में शीर्ष पर रहा। लांगस्निंग एफसी ने भी शानदार जुझारूपन दिखाया और पांच अंक के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए अपना अभियान समाप्त किया।
शिलांग लाजोंग के लिए जोआओ विटोर डी पाउला मोराइस ने दो गोल दागे। उन्होंने पहला गोल आधे घंटे से पहले और दूसरा मध्यांतर के बाद किया। एवेरब्राइटन साना ने टीम के लिए तीसरा गोल किया।
लांगस्निंग एफसी ने जोरदार वापसी करते हुए किर्मेनशेम मुखिम, वदाजिएद किनसाई रिंगखलेम और सैयद अहमद के गोल से स्कोर बराबर किया। अहमद ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम लम्हों में गोल दागकर अपनी टीम को बराबरी दिलाई। ईस्ट बंगाल और जमशेदपुर एफसी ने भी टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ दो टीम के रूप में क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
दोनों ने बेहतर गोल अंतर के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की। गुवाहाटी में स्थानीय खिलाड़ी और भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर हालिचरण नारजारी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद बोडोलैंड एफसी ग्रुप एफ के अपने अंतिम मुकाबले में स्थानीय प्रतिद्वंद्वी कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 6-0 से हराने के बाद भी नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका। हालिचरण ने चार गोल दागे और दो गोल करने में मदद की।
उन्होंने दोनों हाफ में दो-दो गोल किए जबकि कौशिक दैमारी और ग्वग्वमसार गायरी ने भी दूसरे हाफ में गोल करके बोडोलैंड एफसी को बड़ी जीत दिलाई। हालांकि इस शानदार जीत और तीन मैच में छह अंक हासिल करने के बावजूद बोडोलैंड एफसी दूसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक के रूप में क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सका। ईस्ट बंगाल एफसी और जमशेदपुर एफसी के भी छह-छह अंक रहे लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण उन्होंने बाजी मार ली।
इस बीच कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी लगातार दूसरे सत्र में बिना कोई अंक हासिल किए अपना अभियान समाप्त करने वाली टीम रही। रांची में 17 वर्षीय लॉमसांगजुआला की 25 मिनट में हैट्रिक और अमन सीके के शानदार खेल से जमशेदपुर एफसी ने ग्रुप सी के अपने अंतिम मुकाबले में भारतीय वायुसेना एफटी को 6-0 से हराया। रेनियर फर्नांडिस ने चौथे मिनट में जमशेदपुर एफसी के लिए पहला गोल किया जिसके बाद दूसरे हाफ में लॉमसांगजुआला ने दो गोल दागे।
अमन सीके ने जमशेदपुर का चौथा गोल किया जबकि लॉमसांगजुआला ने 80वें मिनट में हैट्रिक पूरी की। इसके बाद रयान सी ने छठा गोल करके जमशेदपुर एफसी की एकतरफा जीत पूरी की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.