भारत के ग्रीकोरोमन पहलवान सुनील कुमार को बुधवार को यहां एशियाई खेलों में पुरुषों के 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जापान के ताइजो योशिदा के खिलाफ तकनीकी दक्षता से हार का सामना करना पड़ा जिसके बाद अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे। वहीं निशा दहिया को एक बार फिर उत्तर कोरिया की सोल गुम पाक के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी। हांगझोउ एशियाई खेल 2023 के कांस्य पदक विजेता सुनील ने ताजिकिस्तान के मुहम्मद सुल्तानजोडा के खिलाफ तकनीकी दक्षता से जीत के साथ शुरुआत की थी लेकिन विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता जापानी पहलवान के सामने वह टिक नहीं सके।
सुल्तानजोडा के खिलाफ रक्षात्मक रवैये के कारण प्रतिद्वंद्वी को ‘पार तेरे’ स्थिति में भेजे जाने के बाद सुनील ने लगातार अंक जुटाकर मुकाबला जल्द खत्म कर दिया। हालांकि, सेमीफाइनल में योशिदा ने पहले पीरियड के बाद 6-0 की बढ़त बना ली और दूसरे पीरियड में पांच और अंक जुटाकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। उन्होंने सुनील को एक भी अंक बनाने का मौका नहीं दिया।
सुनील अब कांस्य पदक के प्लेऑफ में फिलिपींस के रॉबर्ट्स कैलम जॉनस्टन से भिड़ेंगे। हालांकि महिलाओं के 68 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में निशा को उत्तर कोरिया की पाक के खिलाफ हार झेलनी पड़ी। निशा ने मुकाबले में 2-0 की बढ़त बनाई थी लेकिन पाक ने चार अंक का दांव लगाकर पहले पीरियड के अंत तक 4-2 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे पीरियड में निशा ने दो अंक लेकर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद कोई भी पहलवान अंक नहीं बना सकी और बड़े दांव के आधार पर पाक को विजेता घोषित किया गया। अगर पाक फाइनल में पहुंचती हैं तो निशा के लिए रेपेचेज के जरिए पदक की दौड़ में वापसी का रास्ता खुल जाएगा।
निशा को पेरिस ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में भी पाक के हाथों हार मिली थी। उस मुकाबले में निशा 8-2 से आगे थीं लेकिन कोहनी में चोट लगने के कारण मुकाबला 8-10 से गंवा बैठी थीं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.