प्रसिद्ध गायक-संगीतकार और पद्मश्री से सम्मानित शंकर महादेवन ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत ‘खाकी का सितारा’ में योगदान देना उनके 30 साल के करियर की ‘सबसे बड़ी कमाई’ है। महादेवन ने इसे खाकी वर्दी के प्रति अपने जुनून से जुड़ा काम बताया। महादेवन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित गीत के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने इस गीत को अपनी आवाज दी है। कार्यक्रम में उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। इस अवसर पर अभिनेता नाना पाटेकर और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
महादेवन ने कहा, ‘‘आज का दिन मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि मुझे ऐसे व्यक्ति के साथ मंच साझा करने का अवसर मिल रहा है, जिनका मैं बहुत सम्मान करता हूं और वह हैं महाराज जी (योगी आदित्यनाथ)।’’
उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह अवसर इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इससे पहले कभी ऐसा सभागार नहीं देखा, जहां इतनी बड़ी संख्या में खाकी वर्दी पहने लोग मौजूद हों। महादेवन ने कहा, ‘‘मैं इस क्षेत्र में 30 साल से हूं और मैंने कई गीतों की रचना और गायन किया है और आज मेरे द्वारा तैयार किया गया गीत ‘खाकी का सितारा’ आपके सामने है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.