विदेशी पूंजी प्रवाह और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयर में मुनाफावसूली के कारण यह तेजी सीमित रही। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 49.91 अंक चढ़कर 77,970.95 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 28 अंक की बढ़त के साथ 24,343.65 अंक पर रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से बजाज फाइनेंस का शेयर छह प्रतिशत से अधिक उछला। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी पोर्ट्स और सन फार्मा के शेयर भी बढ़त में रहे। वहीं, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 14.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट भी बढ़त में है जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में कारोबार कर रहा है। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ 88.16 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 273.55 अंक और निफ्टी 66.95 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.