सावन में बहुत से घरों में लहसुन-प्याज नहीं खाया जाता है। ऐसे में सब्जी को टेस्टी कैसे बनाया जाए, ये 5 टिप्स उसमें आपकी बड़ी मदद करेंगी। इस तरह से सब्जी बहुत ही खुशबूदार और स्वादिष्ट बनती है, बिल्कुल हलवाई जैसी।
बिना लहसुन-प्याज के टेस्टी सब्जी कैसे बनाएं?
टिप 1- खड़े मसालों से आता है असली स्वाद और खुशबू
बिना लहसुन-प्याज की सब्जी में असली स्वाद और खुशबू खड़े मसालों से ही आती है। इसके लिए एक चम्मच साबुत धनिया, 1 चम्मच सौंफ और अदरक का टुकड़ा मिक्सर में दरदरा पीसकर एक मसाला तैयार कर लें। तड़के में तेजपत्ता, काली मिर्च, लौंग, हरी इलायची, जीरा, हींग और ये मसाला डालकर भून लें। जो भी सब्जी बनाएंगे, उसमें हलवाई वाला टेस्ट और खुशबू आएगी।
टिप 2- टमाटर की ग्रेवी तैयार करें
किसी भी सब्जी या दाल के लिए टमाटर की ग्रेवी का बेस तैयार करें। इसके लिए खड़े मसालों के साथ टमाटर भूनें और साथ में कुछ बेसिक मसाले एड करें। जैसे नमक, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और थोड़ी सी काली मिर्च। कुछ लोग इस ग्रेवी को मिक्सर में पीस लेते हैं, खासकर पनीर, छोले जैसी सब्जी के लिए। वहीं अगर आप आलू-टमाटर या कोई सिंपल सब्जी बना रहे हैं तो पीसने की जरूरत नहीं होती है।
स्वाद की टिप- सब्जी में हल्की सी खटास और चटपटे स्वाद के लिए आप जरा सा अमचूर पाउडर और काला नमक भी एड कर सकते हैं।
टिप 3- ग्रेवी गाढ़ी करने के लिए क्या मिलाएं
अगर आप कोई ग्रेवी वाली सब्जी बना रहे हैं, तो उसे गाढ़ा करने के लिए काजू का पेस्ट या दही का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे सब्जी क्रीमी और रिच टेस्ट वाली बनती है।
स्वाद की टिप- कुछ सब्जियों में तड़का लगाते वक्त जरा सा बेसन या मूंगफली का दरदरा पाउडर डालने से भी ग्रेवी का स्वाद काफी बढ़ जाता है।
टिप 4- कसूरी मेथी और फ्रेश हरे धनिया का इस्तेमाल करें
भंडारे वाली सब्जी में जो खुशबू आती है, वो कसूरी मेथी की वजह से आती है। आप भी वैसी ही खुशबूदार सब्जी या दाल बनाना चाहते हैं, तो हाथों से मसलकर थोड़ी सी कसूरी मेथी जरूर एड करें। आप ताजा हरा धनिया भी एड कर सकते हैं। पराठा, सब्जी, दाल, खिचड़ी या कोई भी स्पेशल डिश हो जरा सी कसूरी मेथी और हरा धनिया पूरा गेम चेंज कर देता है।
टिप 5- लास्ट में देसी घी का स्पेशल तड़का लगाएं
सब्जी या दाल बनने के बाद आप एक स्पेशल देसी घी का तड़का लगा सकते हैं, इससे बहुत ही अच्छी खुशबू और स्वाद आता है। इसके लिए आपको एक पैन में थोड़ा सा देसी घी गर्म कर लेना है, उसमें कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, चीरा लगी हुई हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लें। इस तड़के को दाल या सब्जी में लगाएं, बहुत ही जबरदस्त स्वाद आता है।
(Images Credit- Pinterest)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.