- कॉपी लिंक
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के पनवेल फार्महाउस के पड़ोसी केतन कक्कड़ को सोशल मीडिया से एक्टर के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट और वीडियो हटाने को कहा है। जस्टिस शर्मिला देशमुख की बेंच ने गुरुवार को मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि सोशल मीडिया तक पहुंच होने का मतलब यह नहीं है कि कोई भी किसी आम नागरिक या सेलिब्रिटी को बदनाम करे।
कोर्ट ने केतन कक्कड़ से इस सुझाव पर 6 जुलाई तक जवाब मांगा है। यह विवाद साल 2022 से कोर्ट में लंबित है।

पनवेल फार्महाउस पर सलमान की तस्वीर।
सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल सही नहीं हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान साफ किया कि अगर किसी के पास सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करने की सुविधा है, तो वह उसका इस्तेमाल दूसरों की छवि खराब करने के लिए नहीं कर सकता। जस्टिस देशमुख ने मौखिक रूप से कहा कि जमीन या प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों को सुलझाने के लिए लोग सही कानूनी मंच पर जा सकते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो डालना सही नहीं है।
कोर्ट ने उन वीडियो पर भी नाराजगी जताई जो केतन कक्कड़ के अलावा तीसरे पक्ष (थर्ड पार्टी) की ओर से लगातार शेयर किए जा रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि इन्हें भी हटाने के कदम उठाए जा सकते हैं।

सलमान अक्सर उस फार्महाउस में समय बिताते नजर आते हैं।
क्या है पूरा विवाद और सलमान का आरोप यह विवाद सलमान खान के रायगढ़ जिले के पनवेल में स्थित फार्महाउस से जुड़ा है। केतन कक्कड़ का प्लॉट सलमान के फार्महाउस के पास ही है। सलमान खान ने साल 2022 में केतन कक्कड़ के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। सलमान का आरोप है कि केतन कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक, अपमानजनक और सांप्रदायिक रूप से भड़काने वाले वीडियो अपलोड किए थे।
सलमान खान के मुताबिक, केतन कक्कड़ ने उनके फार्महाउस के पास एक जमीन का सौदा करने की कोशिश की थी, जिसे प्रशासन ने अवैध होने के कारण रद्द कर दिया था। इसके बाद से ही वे उनके खिलाफ वीडियो डाल रहे हैं।

सलमान का यह फार्महाउस करीब 150 एकड़ में फैला है।
पड़ोसी केतन कक्कड़ की कोर्ट में दलील दूसरी ओर, पड़ोसी केतन कक्कड़ ने कोर्ट में सलमान खान के आरोपों को गलत बताया है। केतन कक्कड़ का कहना है कि उन्होंने जो भी पोस्ट या वीडियो शेयर किए हैं, वे सलमान खान की प्रॉपर्टी से जुड़े सच पर आधारित हैं और इनसे कोई मानहानि नहीं होती है। केतन ने आरोप लगाया कि सलमान खान इस मानहानि के केस के जरिए उन पर दबाव बना रहे हैं ताकि वे पनवेल की जमीन के लिए अपनी लड़ाई छोड़ दें। केतन कक्कड़ ने हाईकोर्ट से सलमान खान की इस अपील को खारिज करने की मांग की है।

सलमान के पड़ोसी केतन कक्कड़।
चार साल से कोर्ट में चल रहा है मामला सलमान खान ने पहले एक निचली अदालत (सिविल कोर्ट) में केतन कक्कड़ के खिलाफ अंतरिम रोक लगाने की मांग की थी। सिविल कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद एक्टर ने 2022 में बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था। नवंबर 2022 में हाईकोर्ट के तत्कालीन जस्टिस सीवी भदांग ने इस मामले की सुनवाई पूरी कर ली थी, लेकिन अपने रिटायरमेंट से एक दिन पहले उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अंतिम फैसला तैयार नहीं कर पाए हैं।
इसके बाद उन्होंने मामले को ‘पार्ट-हर्ड’ कैटेगरी में रखकर दूसरी बेंच के सामने भेजने का निर्देश दिया था, जिसके बाद अब नई बेंच इस पर सुनवाई कर रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
