सचिन तेंदुलकर ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की हैं।
सचिन तेंदुलकर ने शेयर की तस्वीरें
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा ,” आज यहां खड़े होकर कुछ अहसास हुआ। चाहे कितने भी साल बीत जायें, लेकिन मुझे हमेशा लगता है कि एक और धन्यवाद कहना बाकी रह गया। मुझ पर विश्वास करने, मेरा मार्गदर्शन करने और मुझे वह इंसान बनाने के लिये धन्यवाद जो आज मैं हूं । गुरूपूर्णिमा की शुभकामनायें, आचरेकर सर।”
भारतीय क्रिकेट के सबसे मशहूर कोच में से एक आचरेकर ने कम उम्र में ही तेंदुलकर की असाधारण प्रतिभा को पहचान लिया था और उन्हें निखारने में अहम भूमिका निभाई थी। तेंदुलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और सौ अंतरराष्ट्रीय शतक भी जड़े।
सचिन ने छात्रों का किया था सपोर्ट
इससे पहले क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक संदेश साझा करते हुए कहा था कि ईमानदारी को प्रोत्साहन के साथ ही मेहनत को सम्मान मिलना और योग्यता की जीत सुनिश्चित होनी चाहिए। तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा संदेश में लिखा , “उनके पिता एक प्रोफेसर थे और उन्होंने अनेक छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बचपन में उन्हें एक महत्वपूर्ण सीख दी थी कि “असफल होना स्वीकार्य है, लेकिन धोखा देना नहीं। कभी शॉर्टकट मत अपनाओ।”
उन्होंने कहा कि समाज के रूप में सभी की जिम्मेदारी है कि ऐसी संस्कृति विकसित की जाये , जिसमें परिणामों से अधिक मेहनत को महत्व मिले। यदि कोई समाज प्रयास के बजाय केवल परिणाम को प्राथमिकता देता है, तो वह योग्यता के बजाय शॉर्टकट का रास्ता अपनाने लगता है। तेंदुलकर ने कहा कि यदि छात्रों को यह महसूस हो रहा है कि उनकी मेहनत का उचित सम्मान नहीं हुआ है, तो उनकी निराशा समझी जा सकती है। सभी को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में छात्रों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
तेंदुलकर ने कहा, ”हमें ऐसी संस्कृति बनानी होगी, जहां मेहनत को सम्मान मिले, ईमानदारी को प्रोत्साहित किया जाए और योग्यता की जीत हो। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी मिलकर ऐसे समाधान खोज लेंगे, जो हमारे बच्चों के भविष्य को मजबूत करें और उनकी आकांक्षाओं की रक्षा करें। ”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.