आरआरबी ग्रुप-डी भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन कुल 29,535 अभ्यर्थियों में से 16,302 ने ही परीक्षा दी। इस तरह 13,233 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए, यानी पहले दिन 44.8 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि उपस्थिति 55.2 प्रतिशत रही।
एग्जाम देकर निकले अभ्यर्थी क्या बोले
प्रयागराज में कई अभ्यर्थियों ने बताया कि फिजिक्स और केमिस्ट्री में एनसीईआरटी आधारित सवाल और न्यूमेरिकल पूछे गए थे, जबकि करंट अफेयर्स का स्तर थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा। कुल मिलाकर, छात्रों के अनुसार प्रश्न पत्र का स्तर सरल से मध्यम था और पिछली परीक्षाओं के पैटर्न के अनुरूप ही रहा। एक अभ्यर्थी ने कहा कि भौतिक विज्ञान इस शिफ्ट में सबसे महत्वपूर्ण खंड रहा, जिससे लगभग 7 से 10 प्रश्न पूछे गए । गणित में कुल 25 प्रश्नों में से 20 से 22 प्रश्न आसानी से हल करने लायक थे। केवल 2 से 3 प्रश्न ही थोड़े कठिन और गणनात्मक थे, जिन्हें अच्छी प्रैक्टिस की मदद से हल किया जा सकता था। रीजनिंग का स्तर काफी अच्छा रहा। रसायन विज्ञान के प्रश्नों की संख्या को लेकर छात्रों के अलग-अलग मत थे; कुछ ने 2 से 3 प्रश्न तो कुछ ने 7 से 8 प्रश्न पूछे जाने की बात कही। पारंपरिक सामान्य ज्ञान से बहुत कम (केवल 1 या 2) प्रश्न पूछे गए थे। करेंट अफेयर्स का परीक्षा में काफी अधिक वेटेज था।
रेलवे ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त तक होगी। यह 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त, 17 से 21 अगस्त और 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी (कुल 16 दिन)।
दो आईडी प्रूफ लाने होंगे
आरआरबी ने कहा है कि परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को अपने साथ दो मूल पहचान पत्र (Original ID Proofs) लाने होंगे, जिनमें से एक वही होना चाहिए जिसका उल्लेख आवेदन पत्र में किया गया था।
आधार कार्ड अनलॉक स्थिति में हो
परीक्षा केंद्र पर सुगम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सुनिश्चित करें कि उनका आधार अकाउंट UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में हो।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन सिंगल स्टेज कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।
क्या है रेलवे ग्रुप डी सीबीटी का पैटर्न
सीबीटी 90 मिनट का होगा। इसमें कुल 100 प्रश्न होंगे। जनरल साइंस व मैथमेटिक्स से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। 30 प्रश्न जनरल इंटेलिजेंसी व रीजनिंग और 20 प्रश्न जनरल अवेयरनेस व करेंट अफेयर्स से आएंगे।
नेगेटिव मार्किंग
आरआरबी ग्रुप डी सीबीटी में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटा जाएगा।
सीबीटी में सभी वर्गों का न्यूनतम पासिंग प्रतिशत
यूआर-40 फीसदी, ईडब्ल्यूएस-40 फीसदी, ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर)-30 फीसदी, एससी-30 फीसदी, एसटी-30 फीसदी।
नॉर्मलाइजेशन होगा
सीबीटी में मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की पद्धति अपनाई जाएगी। कुल वैकेंसी के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.