Tasty Lobia Daal Recipe: अगर आप भी रोजाना की बोरिंग खा कर पक गए हैं तो इस बार घर पर पहाड़ी स्टाइल ‘लोबिया की दाल’ जरूर ट्राई करें. पहाड़ों में इसे बनाने का तरीका मैदानी इलाकों से बिल्कुल अलग है. बेसन और छाछ के मेल से तैयार होने वाली यह दाल न केवल गाढ़ी और खट्टी होती है, बल्कि इसका स्वाद भी लाजवाब होता है. अगर आप भी असली पहाड़ी जायके का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को स्टेप-बाय-स्टेप फॉलो करें. एक बार इस खास तरीके से बनी दाल चख ली, तो यकीन मानिए आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
लोबिया की दाल बनाने का तरीका
पहाड़ी लोबिया बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं है. बस अपनी रसोई से 1 कप लोबिया, 2 चम्मच तेल, जीरा, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक ले लें. इसका असली स्वाद बढ़ाने के लिए 2 बड़े चम्मच बेसन और 1 कप ताजी छाछ (मट्ठा) जरूर रखें. आखिर में सजावट के लिए हरा धनिया स्वाद में चार चांद लगा देगा.
सबसे पहले एक कड़ाही या पतीले में तेल गर्म करें. जब तेल से धुआं निकलने लगे, तो जीरा डालें. जीरा चटकने के बाद इसमें साफ किया हुआ लोबिया डाल दें. लोबिया को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक अच्छे से भूनें. भूनने से दाल में एक खास सोंधापन आ जाता है जो पहाड़ी खाने की पहचान है.
जब लोबिया भुन जाए, तो इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालकर मिलाएं. अब इसमें 3 कप पानी डालें और ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर पकने दें. लोबिया पकने में थोड़ा समय लेता है, इसलिए इसे तब तक पकाएं जब तक कि दाने पूरी तरह नरम न हो जाएं.
यह भी पढ़ें: Recipe: बच्चे भी चाव से खाएंगे मूली की सब्जी, अगर एक बार ट्राई कर ली ये पहाड़ी रेसिपी, जानिए बनाने का तरीका
छाछ और बेसन का ‘जादुई’ घोल
जब दाल पक रही हो, उसी दौरान एक कटोरे में बेसन और छाछ को मिलाकर एक पतला घोल तैयार कर लें. ध्यान रहे कि इसमें गांठे (गुठलियां) बिल्कुल न रहें. जैसे ही लोबिया गल जाए, इस घोल को दाल में डाल दें. घोल डालते समय चमचे से लगातार चलाते रहें, वरना छाछ फट सकती है.
अब इसे कम से कम 20 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें. धीरे-धीरे बेसन की वजह से दाल गाढ़ी हो जाएगी और छाछ का खट्टापन इसमें समा जाएगा. जब दाल से बढ़िया खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और ऊपर से ताजा हरा धनिया डाल दें.
गरमा-गरम परोसें
पहाड़ी स्टाइल लोबिया की यह दाल सादे चावल (भात) के साथ सबसे बेहतरीन लगती है. आप चाहें तो इसे रोटी के साथ भी खा सकते हैं. यह सेहतमंद भी है और स्वाद में तो इसका कोई मुकाबला ही नहीं है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.