Last Updated:
Methi Paratha Recipe: सुबह का नाश्ता दिनभर की ऊर्जा का आधार होता है. ऐसे में अगर थाली में पौष्टिकता और चटपटे स्वाद का मेल हो जाए तो दिन की शुरुआत और भी शानदार हो जाती है. बाजार में आसानी से मिलने वाली ताजी मेथी की पत्तियों से तैयार मेथी पराठा न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी है. गृहिणी राधिका प्रजापति ने मेथी पराठा बनाने की सरल और पारंपरिक विधि साझा करते हुए बताया कि थोड़ी सी तैयारी से घर पर ही होटल जैसा स्वाद पाया जा सकता है.
राधिका ने बताया कि मेथी पराठा बनाने के लिए सबसे पहले ताजी और हरी मेथी पत्तियों को अच्छी तरह साफ पानी से दो-तीन बार धो लें, ताकि मिट्टी या धूल पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद चाकू की सहायता से मेथी को बारीक काट लें. मेथी जितनी बारीक कटी होगी, पराठा उतना ही स्वादिष्ट और मुलायम बनेगा.

मेथी पराठा तैयार करने के लिए गेहूं का आटा, बारीक कटी मेथी पत्तियां, लहसुन, अदरक, प्याज और हरी मिर्च की जरूरत होती है. स्वाद बढ़ाने के लिए हल्दी पाउडर, नमक और थोड़ा सा सरसों का तेल डाला जाता है. उन्होंने बताया कि इच्छानुसार इसमें अजवाइन या धनिया पत्ती भी मिला सकते हैं, जिससे खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाते हैं.

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें बारीक कटी मेथी पत्तियां डालें. अब लहसुन, अदरक, प्याज और हरी मिर्च को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर आटे में मिला दें. इसके बाद हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा सरसों का तेल डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह हाथों से मिलाएं, ताकि मसाले और मेथी समान रूप से आटे में घुल जाएं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अब जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, बल्कि थोड़ा मुलायम रहे. गूंथने के बाद आटे को एक साफ कपड़े से ढककर 10 से 15 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और पराठे मुलायम बनते हैं.

आटे को छोटे-छोटे लोई में बांट लें. प्रत्येक लोई को बेलन की मदद से रोटी के आकार में बेलें. अब गर्म तवे पर पराठा डालें और धीमी आंच पर पकाएं. दोनों ओर हल्का सिकने के बाद घी, सरसों का तेल या रिफाइंड तेल लगाकर सुनहरा होने तक सेकें.

धीमी आंच पर पकाने से पराठा अंदर तक अच्छी तरह पकता है और कुरकुरा बनता है. जब पराठा दोनों ओर से सुनहरा और हल्का कुरकुरा हो जाए, तो उसे प्लेट में निकाल लें. गरमा-गरम मेथी पराठा हरी चटनी, दही या चने की दाल के तड़के के साथ परोसा जा सकता है.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.