आईपीएल 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव में है. 19वें सीजन के लीग स्टेज के सभी 70 मैच खत्म हो गए हैं. अब मंगलवार, 26 मई से प्लेऑफ के मैच खेले जाएंगे. इसमें क्वालीफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस सबसे पहले भिड़ेंगी. दोनों ही टीमों का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा है. यहां हम आपको बताते हैं कि आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में किन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.
1- विराट कोहली
आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बड़े मुकाबलों के ही खिलाड़ी माने जाते हैं. कोहली अकेले दम पर किसी भी मुकाबले का रुख पलटने का दमखम रखते हैं। विराट इस सीजन शानदार फॉर्म में भी चल रहे हैं. कोहली ने 14 मुकाबलों में 163 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 557 रन बनाए हैं. विराट अगर पहले क्वालिफायर में अपनी इसी फॉर्म को बरकरार रखने में सफल रहे, तो आरसीबी की फाइनल में पहुंचने की राह आसान हो सकती है.
2- साई सुदर्शन
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन साई सुदर्शन के बल्ले से ही निकले हैं. सुदर्शन पारी को बुनने के साथ-साथ आक्रामक अंदाज में भी बल्लेबाजी कर सकते हैं. सबसे खास बात यह है कि वह निरंतरता के साथ रन बना रहे हैं और दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने देते हैं। 14 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए वह 638 रन बना चुके हैं.
3- शुभमन गिल
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल भी आरसीबी के गेंदबाजों के लिए पहले क्वालिफायर में बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं. गिल की हालिया फॉर्म कमाल की चल रही है और वह इस सीजन 616 रन बना चुके हैं. शुभमन की बल्लेबाजी में खास बात यह है कि वह बिना जोखिम उठाए गेंदबाजों पर दबाव बनाने का हुनर जानते हैं, जो उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाता है.
4- भुवनेश्वर कुमार
आरसीबी का पहले क्वालिफायर में प्रदर्शन कैसा रहेगा, यह काफी हद तक भुवनेश्वर कुमार के 4 ओवर के कोटे पर निर्भर करेगा. आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं. वह अकेले दम पर अपनी गेंदबाजी से किसी भी मैच को पलट सकते हैं. पावरप्ले में अगर भुवनेश्वर साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी को पवेलियन भेजने में सफल रहे, तो आरसीबी के लिए पांचवां फाइनल खेलने के दरवाजे आसानी से खुल सकते हैं.
5- मोहम्मद सिराज
गुजरात टाइटंस के लिए सबसे अहम बात यह है कि मोहम्मद सिराज अपनी लय में लौट आए हैं. सिराज को धर्मशाला के मैदान पर हवा में अच्छी स्विंग भी मिल सकती है और जीटी के पहले गेंदबाजी करने पर वह बेहद घातक साबित हो सकते हैं. भले ही सिराज के लिए यह सीजन शुरुआत में कुछ खास न रहा हो, लेकिन बड़े मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करना उनकी पुरानी आदत रही है.
यह भी पढ़ें-
IPL 2026 का लीग स्टेज खत्म, अब RCB और GT को मिलेंगे 2 मौके; हारने पर भी टीम नहीं होगी बाहर
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.