- Hindi News
- Tech auto
- Range Rover SV Price Drop | India UK Trade Deal Impact; Sports Model Cheaper
- कॉपी लिंक
जगुआर लैंड रोवर (JLR) इंडिया ने ब्रिटेन से इंपोर्ट होने वाली अपनी सबसे प्रीमियम SUV रेंज रोवर SV की कीमत 75 लाख रुपए कम कर दी है, जिसके बाद अब इसकी एक्स-शोरूम कीमत 3.5 करोड़ रुपए हो गई है। पहले इसकी कीमत 4.25 करोड़ रुपए थी।
यह कटौती भारत और ब्रिटेन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लागू होने से पहले की गई है। कंपनी ने रेंज रोवर स्पोर्ट SV एडिशन टू की कीमत में भी 40 लाख रुपए की कटौती की है, जो अब 2.35 करोड़ रुपए में मिलेगी। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

27 जनवरी को PM मोदी, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा (बीच) और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन (बाएं) की मौजूदगी में भारत- EU FTA पर साइन हुए।
इंपोर्ट ड्यूटी 110% से घटकर 30% रह जाएगी
भारत और ब्रिटेन के बीच 24 जुलाई 2025 को व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के तहत ब्रिटेन से पूरी तरह बनकर आने वाली (CBU) बड़ी कारों पर इंपोर्ट ड्यूटी को 110% से घटाकर पहले साल में 30% कर दिया जाएगा। 5वें साल तक यह ड्यूटी घटकर सिर्फ 10% रह जाएगी। यह नियम 3,000cc से ऊपर के पेट्रोल और 2,500cc से ऊपर के डीजल इंजन वाले मॉडल पर लागू होगा।
कीमतों में बदलाव की 3 बड़ी बातें:
लगातार दूसरी कटौती: GST 2.0 सुधारों के बाद सितंबर 2025 में भी कीमतों में 30.4 लाख रुपए तक की कमी की गई थी। यह एक साल के भीतर दूसरा बड़ा बदलाव है।
पेंट स्कीम में अपडेट: रेंज रोवर SV में अब अल्ट्रा मैटेलिक पेंट (ग्लॉस और सैटिन फिनिश) स्टैंडर्ड तौर पर मिलेगा।
नया वेरिएंट जल्द: सूत्रों के मुताबिक, कंपनी जल्द ही रेंज रोवर स्पोर्ट का एक नया स्टैंडर्ड SV वेरिएंट भी लाएगी, जिसकी कीमत करीब 2.05 करोड़ रुपए होगी।
डिफेंडर और डिस्कवरी के दाम नहीं बदलेंगे
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि भारत में असेंबल (Locally Assembled) होने वाले मॉडल्स जैसे रेंज रोवर स्टैंडर्ड, स्पोर्ट, इवोक और वेलार की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा ‘डिफेंडर’ और ‘डिस्कवरी’ की कीमतें भी वैसी ही रहेंगी, क्योंकि इनका निर्माण स्लोवाकिया में होता है और ये भारत-UK ट्रेड डील के दायरे में नहीं आते। हालांकि, कंपनी डिफेंडर की लोकल असेंबली पर विचार कर रही है।
पावरफुल इंजन: 635hp की ताकत जेनरेट करती है कार
रेंज रोवर के इन दोनों SV वेरिएंट्स में 4.4-लीटर का ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। रेंज रोवर SV में यह इंजन 540hp की पावर देता है, जबकि रेंज रोवर स्पोर्ट SV में यह 635hp की पावर और 800Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
इन ब्रांड्स को भी मिलेगा फायदा
ब्रिटेन के साथ हुई इस डील का फायदा केवल JLR को ही नहीं, बल्कि बेंटले, रोल्स-रॉयस, एस्टन मार्टिन और मैकलारेन जैसे अन्य ब्रिटिश लग्जरी ब्रांड्स को भी मिलेगा। हालांकि, इसके लिए एक सालाना कोटा (पहले साल 20,000 गाड़ियां) तय किया गया है, जिसे सभी ब्रिटिश ब्रांड्स के बीच शेयर किया जाएगा।


Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
