- कॉपी लिंक
एस जयशंकर ने शनिवार को न्यूयॉर्क में यूएन महासभा को संबोधित किया।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान से स्टेट स्पॉन्सर आतंकवाद चल रहा है। इससे शांति को खतरा है। हमारी आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी है।
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम ऐसे समय में इस महासभा में एकत्र हुए हैं, जब संयुक्त राष्ट्र अपने नौवें दशक में प्रवेश कर रहा है।
इसकी स्थापना अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने तथा इसके लिए सामूहिक कार्रवाई करने के उद्देश्य से की गई थी। सदस्य देशों ने मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित करने और वैश्विक शांति को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी।

जयशंकर ने एक दिन पहले पाकिस्तानी पत्रकार को जवाब दिया था
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इससे पहले शुक्रवार को एक पाकिस्तानी रिपोर्टर पर तंज कसा था। रिपोर्टर ने भारत पर पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
इस पर जयशंकर ने कहा, “एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है।” रिपोर्टर के सवाल का जवाब देने के बाद वे मुस्कुराए और वहां से निकल गए।
दरअसल, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान भारत की विदेश नीति, वैश्विक सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई पर बातचीत हो रही थी।
4 साल पहले भी ऐसा ही जवाब दिया था
इससे पहले दिसंबर 2022 में न्यूयॉर्क में एक पाकिस्तानी पत्रकार ने जयशंकर से पूछा था कि दक्षिण एशिया आखिर कब तक भारत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से जुड़े आतंकवाद का सामना करता रहेगा।
इस पर जयशंकर ने कहा था,
आप गलत मंत्री से सवाल पूछ रहे हैं। पाकिस्तान कब तक आतंकवाद जारी रखना चाहता है, यह पाकिस्तान के मंत्री बताएंगे।

भारत-पाकिस्तान के बीच आतंकवाद बड़ा विवाद
भारत लंबे समय से पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है। पाकिस्तान इन आरोपों से इनकार करता है। दोनों देशों के बीच आतंकवाद का मुद्दा लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठता रहा है।
भारत ने अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले का भी मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाया है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान में मौजूद या वहां से संचालित होने वाले आतंकी संगठनों और आतंकवाद की फंडिंग का मुद्दा भी उठाया है। वहीं, पाकिस्तान भारत के आरोपों को खारिज करता रहा है।
जयशंकर ने समुद्री जहाजों पर हमलों का मुद्दा उठाया था
जयशंकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खाड़ी, लाल सागर और ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते हमलों का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि ये अब कभी-कभार होने वाली घटनाएं नहीं रह गई हैं। समुद्री रास्तों पर ऐसे हमले दुनिया के व्यापार और लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय हैं।

जयशंकर लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेयसोलो नयंती के साथ जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर बने ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ की पहली बैठक के दौरान समुद्री जहाजों पर बढ़ते हमलों का मुद्दा उठाते हुए।
———————————–
यह खबर भी पढ़ें…
UN में 75 देशों ने नेतन्याहू का बायकॉट किया:हूटिंग हुई तो 3 मिनट चुप खड़े रहे, फिर बोले- कायर बाहर चले जाएं
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण दिया। जैसे ही वो मंच पर आए तो 75 देशों के प्रतिनिधियों ने हूटिंग करके उनका विरोध किया, फिर बाहर चले गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
