रणबीर कपूर ने किराए पर दिया ‘वास्तु’ अपार्टमेंट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर कपूर का यह आलीशान अपार्टमेंट मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित ‘वास्तु’ बिल्डिंग के सातवें फ्लोर पर है। करीब 2460 स्क्वायर फीट में फैले इस अपार्टमेंट को एक्टर ने साल 2016 में लगभग 35 करोड़ रुपये में खरीदा था। खास बात यह है कि इस घर का इंटीरियर डिजाइन मशहूर इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान ने तैयार किया था।
हर महीने मिलेगा 11 लाख रुपये किराया
बताया जा रहा है कि रणबीर कपूर ने इस प्रॉपर्टी को 5 साल के लिए लीज पर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घर का मासिक किराया 11 लाख रुपये तय किया गया है। 19 मई 2026 को इस लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट को रजिस्टर किया गया। जानकारी के अनुसार, आदित्य शुक्ला नाम के शख्स ने यह अपार्टमेंट किराए पर लिया है। डील में 45 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट और हर साल 5 प्रतिशत किराया बढ़ाने का क्लॉज भी शामिल है।
नए बंगले ‘कृष्णा राज’ में शिफ्ट हुए रणबीर-आलिया
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हाल ही में अपने नए बंगले ‘कृष्णा राज’ में शिफ्ट हुए हैं। यह कपूर परिवार का पुश्तैनी घर है, जिसे लंबे समय तक रेनोवेट किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस आलीशान बंगले की कीमत करीब 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह प्रॉपर्टी कभी दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर और नीतू कपूर के हिस्से में आई थी। बताया जाता है कि बंगले में ऋषि कपूर की याद में एक खास कमरा भी बनाया गया है।
‘वास्तु’ में हुई थी रणबीर-आलिया की शादी
14 अप्रैल 2022 को रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने इसी ‘वास्तु’ अपार्टमेंट में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। ऐसे में इस घर से दोनों की कई खास यादें जुड़ी हुई हैं। अब इस प्रॉपर्टी को किराए पर देकर रणबीर कपूर ने बड़ा फैसला लिया है।
रामायण को लेकर चर्चा में हैं रणबीर कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो रणबीर कपूर निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म में सनी देओल हनुमान के रोल में दिखाई देंगे, जबकि साईं पल्लवी माता सीता की भूमिका निभाएंगी। वहीं रवी दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.