Ramayana Trailer Update: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों चर्चा का मुख्य केंद्र बनी हुई है। फिल्म में राम के किरदार में रणबीर की पहली झलक देखने के बाद से ही दर्शकों में फिल्म के रिलीज का इंतजार बना हुआ है। अब फिल्म के निर्माताओं ने दर्शकों का इंतजार खत्म करते हुए ट्रेलर रिलीज की आधिकारिक घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने जानकारी दी है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मोस्टअवेटेड फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को पूरी दुनिया में रिलीज किया जाएगा। इस पोस्टर में राम, लक्ष्मण और सीता की एक झलक दिखाई दे रही है, जिसमें वे किसी भव्य सभा में खड़े नजर आ रहे हैं।
फिल्म के मेकर्स ने पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि भारत से लेकर दुनिया तक, रामायण ने हजारों सालों से धर्म, मर्यादा, साहस और करुणा के आदर्शों से पीढ़ियों को प्रेरित किया है। अब यह महाकाव्य एक नई यात्रा शुरू कर रहा है। मेकर्स का दावा है कि भारतीय सिनेमा में इस कहानी को पहले कभी न देखी गई भव्यता के साथ दर्शकों के सामने पेश किया जा रहा है। नितेश तिवारी ने इस फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की है और इसका अंदाजा जारी की गई तस्वीरों और बड़े सेट्स को देखकर लगाया जा सकता है।
रावण के लुक पर टिकी हैं निगाहें
फिल्म का पहला टीजर अप्रैल में रिलीज किया गया था, जिसमें रणबीर कपूर को राम के रूप में देखा गया था। उस समय दर्शकों ने उनके अभिनय की सराहना तो की, लेकिन वीएफएक्स को लेकर थोड़ी निराशा जताई थी। अब ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि मेकर्स ने उन कमियों को पूरी तरह दूर कर लिया है। चर्चा है कि इस ट्रेलर में पहली बार रावण के लुक से पर्दा उठ सकता है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्सुक हैं। फिल्म में सनी देओल को हनुमान के किरदार में देखा जाएगा।
‘रामायण’ एक बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसके संवादों को लिखने के लिए विद्वानों की मदद ली गई है ताकि दर्शकों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, रकुलप्रीत सिंह, लारा दत्ता और काजल अग्रवाल जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरे पार्ट के लिए दर्शकों को दिवाली 2026 तक का इंतजार करना होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.