कई बार राजमा चावल खाने का मन हो और इन्हें रातभर के लिए भिगोकर रखना भूल जाएं, तो ये 1 ट्रिक आपके बड़े काम आएगी। इसके लिए आपको घंटों इन्हें उबालने की भी जरूरत नहीं है। सेलिब्रिटी शेफ अमृता रायचंद ने इसे शेयर किया है।
राजमा भिगोना भूल जाएं तो फॉलो करें ये स्टेप बाय स्टेप तरीका
स्टेप 1- राजमा को अच्छी तरह धोएं
अचानक राजमा चावल खाने का मन हो जाए तो इस हैक से आप इन्हें बिना रातभर भिगोए बना सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले राजमा को अच्छी तरह दो से तीन बार साफ पानी की मदद से धो लें। इनमें किसी तरह की गंदगी बाकी नहीं रहनी चाहिए।
स्टेप 2- गर्म पानी में बॉयल करें राजमा
अब आपको एक पैन में थोड़ा सा पानी गर्म होने के लिए रख देना है। जैसे ही पानी उबलने लगे इसमें राजमा डाल दें और इसे भी उबलने दें। राजमा को बहुत देर के लिए बॉयल नहीं करना है, बस 1-2 मिनट के लिए इसे अच्छी तरह पकने दें।
स्टेप 3- कैसरोल में बंद कर के होगा मैजिक
अब राजमा को इसी गर्म पानी के साथ रोटी रखने वाले कैसरोल में डालकर ढक्कन अच्छी तरह से बंद कर दें। कैसरोल में आपको इसे लगभग 1 घंटे के लिए रखकर छोड़ देना है। राजमा सॉफ्ट हो कर फूल जाएगा। दरअसल कैसरोल पानी को लंबे समय तक गर्म रखने में मदद करता है, जिससे राजमा नर्म होने लगता है।
स्टेप 4- प्रेशर कुकर में उबालें राजमा
इसके बाद आपको नॉर्मली राजमा को प्रेशर कुकर में डालकर बॉयल कर लेना है। इसके लिए कुकर में राजमा और पानी के साथ कुछ मसाले एड करें, जैसे तेजपत्ता, अदरक और थोड़ा नमक। साथ ही चुटकीभर बेकिंग सोडा भी मिलाएं, ताकि राजमा अच्छी तरह गल जाए। अब 4-5 सीटी आने तक राजमा बॉयल कर लें। अगर ये अच्छी तरह ना पके तो कुछ सीटी एक्ट्रा भी लगा सकते हैं।
क्या पूरी तरह काम करता है ये हैक?
आमतौर पर रातभर के लिए राजमा भिगोकर रखना जरूरी माना जाता है। लेकिन कभी-कभार अगर आप भूल गए हैं तो ये कैसरोल वाला तरीका ट्राई कर सकते हैं। ये वाकई काम करता है और राजमा अच्छी तरह गल जाते हैं। इसके लिए घंटों तक कुकर में उबालने का झंझट भी नहीं होता। हालांकि कोशिश करें कि राजमा बनाने के लिए पारंपरिक तरीका यानी रात भर भिगोने वाला मैथड ही यूज करें। कभी-कभार के लिए ये हैक ट्राई किया जा सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.