Ramayana Trailer Out: नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का धांसू ट्रेलर रिलीज हो चुका है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह था, जो ट्रेलर सामने आने के बाद और अधिक बढ़ गया है। मेकर्स ने इस फिल्म के ट्रेलर को आज यानी 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज कर दिया गया है, जो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया है और इंटरनेट पर इसका शानदार क्रेज देखने को मिल रहा है।
ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ ‘रामायण’ का ट्रेलर
साल 2026 की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का यह ट्रेलर बेहद शानदार और कमाल का है। लगभग 4 मिनट के इस ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में, यश रावण की भूमिका में, अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा ट्रेलर में लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह समेत कई अन्य जाने-माने कलाकारों की भी झलक देखने को मिली है।
रामायण के ट्रेलर की शुरुआत रावण यानी यश के प्रचंड और आक्रामक रूप से होती है जो अपनी असीम शक्ति के बल पर तीनों लोकों यानी देवलोक पृथ्वीलोक और पाताल लोक पर अपना अधिपत्य जमा लेता है। जब रावण का अत्याचार और अहंकार चरम पर पहुंच जाता है तब अधर्म का नाश करने के लिए राजा दशरथ यानी अरुण गोविल के ज्येष्ठ पुत्र के रूप में भगवान राम यानी रणबीर कपूर का जन्म होता है और ट्रेलर में प्रभु राम के अद्भुत धनुर्विद्या कौशल अगाध ज्ञान तथा उनकी सौम्यता का बहुत ही मनमोहक चित्रण देखने को मिलता है।
इसके बाद माता सीता यानी साई पल्लवी के साथ उनके विवाह और अपने पिता के वचन का पालन करते हुए चौदह वर्षों के कठिन वनवास का भावुक दृश्य सामने आता है। वनवास के दौरान शूर्पणखा यानी रकुल प्रीत सिंह और भगवान राम की मुलाकात का वह किस्सा भी दिखाया जाता है जिसके बाद क्रोधित रावण प्रतिशोध की भीषण प्रतिज्ञा लेता है और अंत में माता सीता का छल पूर्वक हरण तथा रावण के दंभ को चूर करने के लिए भगवान राम के लंका आगमन की हुंकार का एक बेहद भव्य दृश्य दिखाई देता है।
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें रणबीर कपूर मुख्य राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी सीता के किरदार में हैं। लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे नजर आएंगे और सनी देओल इस फिल्म में हनुमान का किरदार निभाएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल दशरथ की भूमिका में दिखेंगे और रकुल प्रीत सिंह तथा विवेक ओबेरॉय जैसे सितारे भी इस बड़ी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। फिल्म रामायण की रिलीज को लेकर बात करें तो इसे दो भागों में सिनेमाघरों में उतारा जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का पहला भाग इसी साल दीवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा, जबकि इसका दूसरा भाग अगले साल दो हजार सत्ताइस में दर्शकों के सामने आएगा। इस फिल्म की रिलीज को लेकर हर वर्ग के दर्शकों में भारी एक्साइटमेंट बना हुआ है।