Rajpal Yadav: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव हाल ही में चेक बाउंस मामले में जेल से रिहा होने के बाद सीधे अपने पैतृक गांव पहुंचे, जहां वो अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए। कानूनी परेशानियों और जेल की कड़वी यादों को भुलाकर एक्टर शादी के रंग में रंगे नजर आए। जश्न के बीच एक भावुक पल भी सामने आया। भतीजी की विदाई के दौरान वो खुद को संभाल नहीं पाए।
राजपाल यादव ने शादी समारोह में खूब ठुमके लगाए और संगीत नाइट का भी लुत्फ उठाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने शादी के दौरान हाथ भी बंटाया। वो रोटियां बेलते और नजदीक बैठे लोगों से बातचीत करते नजर आए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वो सालों बाद भी रोटियां बनाना नहीं भूले हैं।
भतीजी की विदाई के समय भावुक हुए राजपाल यादव
हालांकि, जश्न के बीच एक इमोशनल पल भी आया, जब राजपाल यादव भतीजी की विदाई के वक्त संभाले न संभले। बेटी समान भतीजी को ससुराल के लिए रवाना होते देख उनकी आंखें नम हो गईं। वो उसे गले लगाकर आंसू पोंछते दिखे। इस वीडियो ने फैंस को भी भावुक कर दिया।
क्यों काटने पड़े तिहाड़ जेल के चक्कर?
बता दें कि राजपाल यादव पर तकरीबन 9 करोड़ रुपये का बोझ है। एक्टर अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़े एक चेक बाउंस मामले में ऐसे फंसे कि सीधा जेल के चक्कर काटने पड़ गए।
ये मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी पहली डायरेक्टिड फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब पांच करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म फ्लॉप हो गई और वो कर्ज नहीं चुका पाए। फिर ब्याज, जुर्माना और देरी के कारण राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई। राजपाल ने पैसा चुकाने के लिए कई चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंच गया, जिसके कारण उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा। फिलहाल वो बेल पर हैं। मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.