ईरान-इजराइल युद्ध के चलते फ्लाइट और होटल कैंसल होने से यूएई में फंसे भारतीयों के लिए प्रवासी राजस्थानी बिजनेसमैन धीरज जैन ने अजमान स्थित अपने फॉर्म हाउस में रहने और खाने-पीने की निशुल्क व्यवस्था की।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण यूएई में फ्लाइट्स और होटल बुकिंग अचानक रद्द हो गईं, जिससे सैकड़ों भारतीय दुबई सहित अन्य शहरों में फंस गए।
ऐसे मुश्किल समय में दुबई में रह रहे राजस्थानी बिजनेसमैन धीरज जैन ने न सिर्फ अपना अजमान स्थित फॉर्म हाउस खोल दिया, बल्कि 11 गाड़ियां लगाकर फंसे लोगों को वहां तक पहुंचाया।
उन्होंने रहने और खाने-पीने की पूरी व्यवस्था निशुल्क की। उनका कहना है कि वे खुद भारत लौट सकते थे, लेकिन संकट की घड़ी में लोगों की सेवा करना ज्यादा जरूरी समझा।
पहले फॉर्म हाउस के ये PHOTO देखिए …
दुबई में अजमान स्थित फॉर्म हाउस में ठहरे भारतीयों ने कहा कि राजस्थान के बिजनेसमैन ने रहने के लिए सुरक्षित जगह की व्यवस्था की है।

प्रवासी भारतियों के लिए बिजनेसमैन ने फॉर्म हाउस में ठहरने की पूरी व्यवस्था की है।

प्रवासी भारतीयों के लिए सोने की व्यवस्था भी गई है।

फॉर्म हाउस में ठहरे हुए लोगों के लिए मंनोरंजन के लिए LED भी लगाई है।
धीरज जैन बोले: फ्लाइट कैंसल हुईं तो भारतीयों के सामने खड़ी हो गई बड़ी परेशानी
नागौर में मेड़ता सिटी के मूल निवासी धीरज जैन पिछले करीब 11 वर्षों से यूएई में रियल एस्टेट डेवलपर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया-अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग जैसे हालात बनने के बाद यूएई में एहतियातन कई फ्लाइट्स कैंसल कर दी गईं। इसके साथ ही होटल बुकिंग भी रद्द होने लगीं।
अचानक फ्लाइट और होटल कैंसल होने से बड़ी संख्या में भारतीय यात्री दुबई सहित अन्य शहरों में फंस गए। कई लोग सीमित बजट में यात्रा पर आए थे, ऐसे में अतिरिक्त खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं था। उनके सामने ठहरने और खाने-पीने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी।
सोशल मीडिया पर नंबर जारी कर दी मदद की पेशकश
धीरज जैन के अनुसार, जैसे ही उन्हें भारतीयों के फंसे होने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत सोशल मीडिया पर अपना मोबाइल नंबर जारी कर दिया।
उन्होंने संदेश दिया कि जो भी भारतीय यूएई में फंसा है और जिसके पास रुकने की व्यवस्था नहीं है, वह अजमान स्थित उनके फॉर्म हाउस में ठहर सकता है। संदेश जारी होने के बाद उनके पास लगातार कॉल आने लगे और मदद का सिलसिला शुरू हो गया।

यूएई के अजमान में प्रवासी राजस्थानी बिजनेसमैन के फॉर्म हाऊस में की गई व्यवस्था की।
11 गाड़ियां लगाकर खुद पहुंचाया सुरक्षित ठिकाने तक
धीरज जैन ने बताया – कई लोगों के पास उनके फॉर्म हाउस तक पहुंचने के लिए परिवहन की सुविधा भी नहीं थी। ऐसे में उन्होंने अपनी 11 गाड़ियां लगाईं और दुबई व अन्य शहरों से लोगों को खुद बुलवाया।
वर्तमान में उनके फॉर्म हाउस में करीब 200 भारतीय ठहरे हुए हैं। सभी हालात सामान्य होने और फ्लाइट्स दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर 300 लोगों तक के ठहरने की व्यवस्था करने की तैयारी भी की जा रही है।

‘मैं जा सकता था, लेकिन सेवा को प्राथमिकता दी’
धीरज जैन ने कहा – भारत में उनके परिजन चिंतित थे और वे चाहें तो निजी व्यवस्था से देश लौट सकते थे, लेकिन उन्होंने संकट की इस घड़ी में यूएई में रुककर लोगों की मदद करना ज्यादा जरूरी समझा।
भारतीयों के अलावा अन्य देशों के नागरिकों के भी कॉल आ रहे हैं और उन्हें भी यथासंभव मदद दी जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.