पीएम मोदी से मुलाकात
मशहूर अभिनेता आर. माधवन को जब प्रतिष्ठित ‘पद्म श्री’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया, तो समारोह के दौरान एक बेहद खास पल देखने को मिला। अवार्ड ग्रहण करने से ठीक पहले, माधवन अपना सम्मान प्रकट करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पैर छूने के लिए नीचे झुके। हालांकि, पीएम मोदी ने तुरंत उन्हें ऐसा करने से रोक दिया और विनम्रता दिखाते हुए बेहद गर्मजोशी के साथ उनसे हाथ मिलाया। आपसी सम्मान और सादगी से भरा यह दृश्य काफी यादगार बन गया और इसने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
राष्ट्रपति के हाथों मिला सम्मान
दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक खास समारोह सिविल इन्वेस्टीचर सेरेमनी-II में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने माधवन को इस सम्मान से नवाजा। इस गर्व के पल में माधवन का परिवार भी उनके साथ था।
जब माधवन यह अवॉर्ड लेने के लिए मंच की तरफ बढ़े, तो वहां बैठीं उनकी पत्नी सरिता और बेटे वेदांत ने खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाईं। उनके चेहरों पर माधवन के लिए गर्व और खुशी साफ देखी जा सकती थी। आपको बता दें कि जनवरी 2026 में ही पद्म पुरस्कारों के विजेताओं की लिस्ट में उनके नाम का ऐलान कर दिया गया था।
“यह सिर्फ अवॉर्ड नहीं, एक जिम्मेदारी है”
सम्मान पाने के बाद माधवन ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी और भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने यह अवॉर्ड अपने परिवार को समर्पित करते हुए लिखा।
“मैं इस ‘पद्म श्री’ सम्मान को बहुत ही आभार और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूँ। यह मेरे सपनों से भी परे है। मैं इसे अपने पूरे परिवार की तरफ से ग्रहण कर रहा हूँ, जिनका अटूट विश्वास और समर्थन मेरी सबसे बड़ी ताकत रहा है।”
उन्होंने आगे लिखा कि यह सब उनके गुरुओं के आशीर्वाद, शुभचिंतकों के प्यार, जनता के सपोर्ट और भगवान की कृपा से ही संभव हो पाया है। माधवन ने इस अवॉर्ड को एक “जिम्मेदारी” बताते हुए वादा किया कि वह इस सम्मान की गरिमा हमेशा बनाए रखेंगे और पूरी ईमानदारी व लगन से अपना काम करते रहेंगे।
शानदार रहा है फिल्मी सफर
माधवन उन गिने-चुने अभिनेताओं में से हैं जिन्होंने हिंदी, तमिल और तेलुगू सिनेमा में एक समान रूप से अपनी पहचान बनाई है। साल 2000 में मणिरत्नम की ब्लॉकबस्टर तमिल फिल्म ‘अलाई पयुथे’ से उन्होंने अपनी खास पहचान बनाई। साल 2001 में फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और रातों-रात लाखों दिलों की धड़कन बन गए। उन्होंने ‘रन’, ‘कन्नातिल मुथामित्तल’ जैसी बेहतरीन तमिल फिल्मों के साथ-साथ हिंदी में ‘रंग दे बसंती’, ‘गुरु’,’3 इडियट्स’ और ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी कई शानदार फिल्में दीं।
बतौर डायरेक्टर उनकी पहली फिल्म ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ ने न सिर्फ लोगों का दिल जीता, बल्कि इसके लिए उन्हें ‘बेस्ट फीचर फिल्म’ का नेशनल अवॉर्ड भी मिला। हाल ही में माधवन को ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ में भी अहम भूमिका निभाते हुए देखा गया है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.