जो कहा वो पूरा सच नहीं था- हिमांशु जांगरा
गुरुग्राम की जिस स्टारविक डिजाइन कंपनी में हिमांशु जांगरा काम करते थे, उसी के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक नया वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा उनसे बात करते नजर आए। हिमांशु ने माना कि उन्होंने एक लड़की को डेट किया था, लेकिन शो में सुनाई कहानी पूरी तरह से सच नहीं थी।’ उन्होंने बताया कि वहां बताई गई स्टोरी एंटरटेनमेंट के लिए इम्प्रोवाइज की गई थी। उनके मुताबिक, उनसे पहले जिन्होंने खुद से रिलेटेड कुछ भी बताया, वो भी इसी तरह से था। यही कारण है कि उन्होंने भी वही किया। हिमांशु ने कहा कि उनकी बदकिस्मती थी कि लोगों ने उनकी बातों को इतनी गंभीरता से ले लिया।
‘शो में कही बातों के लिए हो रहा पछतावा’
हिमांशु ने स्वीकारा कि उनके शब्द गलत थे। उन्होंने कहा, ‘मेरा इरादा गलत नहीं था और न ही मेरी मानसिकता गलत थी, जैसा कि सोचा जा रहा है। मेरे हमेशा फीमेल कलिग के साथ अच्छे कामकाजी संबंध रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि इसके बावजूद शो में कही गई बातों के लिए उन्हें पछतावा है। इसके लिए उन्होंने दोबारा माफी मांगी।
परिवार की हालत बहुत खराब- हिमांशु
उन्होंने यह भी बताया कि उनके परिवार की हालत बहुत खराब है। पिछले दो हफ्तों से वो ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं। पहले एक हफ्ते उनके घर में इस बारे में भनक भी नहीं लगी थी। लेकिन हफ्ते भर बाद उनके एक अंकल ने उन्हें फोन कर इस बारे में पूछा। तब उन्होंने अंकल को किसी तरह समझाया कि वो घर में इस बारे में न बताएं। कुछ दिनों में यह मामला शांत हो जाएगा।
मैं उस शो में गया ही क्यों- हिमांशु
लेकिन ट्रोलिंग बढ़ती गई और बात उनके पड़ोस तक जा पहुंची। इसके बाद पड़ोसियों ने उनके परिवार को इस बवाल से अवगत कराया। हिमांशु बताते हैं कि घर वालों ने मुझे पूछा, डांटा और खूब सुनाया। लेकिन बाद में समझ भी गए। यहां तक तो फिर भी ठीक था, लेकिन जब उन्हें जॉब से निकाले जाने की बात पता चली तो वह बेहद परेशान हो गए। अब घरवालों को देखकर लग रहा है कि मैं उस शो में क्यों गया। बहुत ज्यादा पछतावा हो रहा है।
क्या है पूरा मामला, जिस पर हो रहा विवाद?
पूरा मामला प्रणित मोरे के एक लाइव शो से जुड़ा है। वायरल वीडियो में दर्शकों के बीच बैठा एक गुड़गांव का लड़का हिमांशु जांगरा अपनी डेट का किस्सा शेयर कर रहा है। बातचीत के दौरान उसने अपनी कथित गर्लफ्रेंड के बारे में कुछ ऐसी बातें कहीं, जिन्हें कई लोगों ने भद्दा और आपत्तिजनक बताया। हिमांशु ने ‘370 रुपये वसूल’ और ‘बिरयानी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि उसने एक लड़की को चिकन बिरयानी खिलाने पर 370 रुपये खर्च किए थे।
हिमांशु ने आगे कहा कि वो अपने 370 रुपये बर्बाद थोड़ी जाने जाता। वो बिरयानी पर खर्च किए पैसों की भरपाई लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाकर करना चाहता था। इसके बाद ये क्लिप देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
प्रणित मोरे ने मांगी माफी
इस पूरे वीडियो के वायरल होने के बाद प्रणित और हिमांशु को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद उन्होंने माफी भी मांगी। प्रणित ने माफी मांगते हुए कहा कि ऑडियंस में मौजूद व्यक्ति की कही बातें मेरी राय को नहीं दर्शाती हैं।
22 जून को होगी मामले की सुनवाई
मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्रणित मोरे और हिमांशु जांगर को सुनवाई नोटिस जारी किया है। मामले की सुनवाई 22 जून को शाम 4 बजे आयोग के सामने होगी। दोनों पर एफआईआर भी दर्ज है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.