(तस्वीरों सहित) नयी दिल्ली, 11 अगस्त संसद भवन परिसर में मंगलवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की साप्ताहिक संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहुंचने पर सांसदों ने तिरंगा लहराकर और ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। संसद भवन के पुस्तकालय स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित इस ‘मंगल मिलन’ बैठक में केंद्रीय मंत्रियों, राजग नेताओं और गठबंधन में शामिल दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री के सभागार में पहुंचते ही मंत्रियों और सांसदों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए उनका अभिनंदन किया और देशभक्ति के नारे लगाए।
बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, एस जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राजग के घटक दलों के नेताओं में जद(एस) के एचडी कुमारस्वामी, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के किंजरापु राम मोहन नायडू, आरपीआई (ए) के रामदास अठावले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रफुल्ल पटेल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और एनसीपीआई की शताब्दी रॉय सहित अन्य मंत्री भी बैठक में मौजूद रहे। संसद सत्र के दौरान हर मंगलवार को राजग संसदीय दल की बैठक आयोजित की जाती है।
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और 13 अगस्त को संपन्न होगा। इस सत्र में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई तथा अयोध्या स्थित राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के लगातार विरोध प्रदर्शन के कारण दोनों सदनों में बार-बार कार्यवाही बाधित हुई है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.