नयी दिल्ली, तीन अगस्त सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 13.67 प्रतिशत बढ़कर 483.04 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 424.93 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में परिचालन आय 29 प्रतिशत बढ़कर 4,303.22 करोड़ रुपये हो गई जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 3,333.58 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर विदेशी मुद्रा विनिमय में नुकसान के कारण कंपनी का शुद्ध लाभ 8.7 प्रतिशत घटा जबकि राजस्व में छह प्रतिशत की वृद्धि हुई। पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं कार्यकारी निदेशक संदीप कालरा ने कहा, ‘‘ इस प्रदर्शन को 1.15 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड तिमाही कुल अनुबंध मूल्य (टीसीवी) का समर्थन मिला। यह बड़े ग्राहकों के साथ बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है जिसमें एक अग्रणी वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी के साथ 65 करोड़ डॉलर से अधिक के टीसीवी वाला साढ़े छह वर्ष का रणनीतिक सेवा समझौता भी शामिल है।’’
सॉफ्टवेयर, हाई-टेक और उभरते उद्योग क्षेत्र कंपनी के राजस्व में सबसे बड़े योगदानकर्ता बने रहे।
इसकी हिस्सेदारी 40.7 प्रतिशत रही और इस खंड में सालाना आधार पर 15.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र की हिस्सेदारी कुल राजस्व में 34 प्रतिशत रही जिसमें 16.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, स्वास्थ्य सेवा तथा जीवन विज्ञान क्षेत्र का योगदान 25.3 प्रतिशत रहा और इसमें 16.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 30 जून 2026 तक बढ़कर 28,640 हो गई।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.