मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम की आलोचना कर रहे पूर्व क्रिकेटर्स को लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा है कि ये वो लोग हैं जिन्होंने अपनी जिंदगी में कुछ हासिल नहीं किया और अब टीम को नीचा दिखा रहे।
हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है?
नकवी और पीसीबी को उस समय आलोचनाओं का सामना करना पड़ा जब उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर गई टीम में सात खिलाड़ियों को बदलने का फैसला किया और उनकी जगह ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को शामिल किया। पाकिस्तान तीन मैच की सीरीज में 0-2 से पीछे चल रहा है। हर तरफ से हो रही आलोचना से नाराज पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी ने कहा कि यह कहना गलत है कि इस समय पाकिस्तान क्रिकेट अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहा है।
उन्होंने कहा, ”आप वनडे में पहले आठवें स्थान पर थे जिस पर अब पांचवें स्थान पर आ गए हैं। आपने छह वनडे सीरीज खेली हैं जिनमें से चार में जीत हासिल की है, लेकिन फिर भी कहा जा रहा है कि हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है? ” उन्होंने कहा, ”हमारी सफलता की दर 24 प्रतिशत से बढ़कर 73 प्रतिशत हो गई है। और मैं किसी एक या किसी खास मैच की बात नहीं कर रहा हूं, फिर भी कहा जा रहा है कि हमारा क्रिकेट खत्म हो गया है? ”
आलोचना वो कर रहे, जिन्होंने कुछ हासिल नहीं किया
नकवी ने कहा कि आलोचकों और प्रशंसकों को खिलाड़ियों का मनोबल गिराना बंद करना चाहिए। पाकिस्तानी टीम को शाहिद अफरीदी, मोहम्मद यूसुफ और राशिद लतीफ जैसे पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों समेत कई लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा, ”जिन खिलाड़ियों ने अपनी जिंदगी में कभी कुछ हासिल नहीं किया, जब वे इस तरह की बातें करते हैं, तो यह अनुचित है। ‘’
उन्होंने यह भी कहा कि वह लगातार पूर्व खिलाड़ियों से उनकी राय लेते रहते हैं। उन्होंने कहा, ”कभी-कभी खिलाड़ियों के चयन में भी गलतियां होती हैं। इसकी जवाबदेही मेरी है और हमें इस पर काम करने की जरूरत है। ” नकवी ने कहा कि कई बार खराब प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम से हटाना भी जरूरी होता है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी टीम को नौवें स्थान से पहले स्थान तक केवल तीन या छह महीने में नहीं पहुंचाया जा सकता। उन्होंने कहा कि अभी ‘लंबा रास्ता तय करना बाकी है’।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.