पुणे। पिछले महीने एक विमान दुर्घटना में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने बुधवार को दुर्घटना के पीछे गंभीर चूक होने की आशंका को लेकर गहन जांच की मांग की और कहा कि विमान का ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता।
उन्होंने वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की। इसी विमानन कंपनी के लीयरजेट 45एक्सआर विमान के 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से जय के पिता अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
जय पवार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ब्लैक बॉक्स को इतनी आसानी से नष्ट नहीं किया जा सकता। महाराष्ट्र के लोगों को दुर्घटना की पारदर्शी और पूरी सच्चाई जानने का अधिकार है।
वीएसआर विमानन कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए उन्होंने कहा, विमानन कंपनी की गंभीर चूक की आशंका और अनियमितताओं की विस्तृत व निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
उनका यह बयान महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राकांपा नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात और विमान दुर्घटना की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग के एक दिन बाद आया है।
वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को कहा कि घातक दुर्घटना वाले लीयरजेट 45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.