घर पर ही मक्खन बनना हो, तो अक्सर गृहणियां पहले मलाई इक्कठा करती हैं फिर जा कर बटर बनता है। लेकिन ये काम और भी आसान हो सकता है, अगर आप सिर्फ दही से ही मक्खन बना लें। ये पारंपरिक तरीका घी बनाने के काम को भी आसान कर देगा।
दही से निकालें गाढ़ा और मलाईदार मक्खन
दही से मक्खन बनाना आसान भी है और ये ज्यादा पौष्टिक भी बनता है। हालांकि घर पर मक्खन बनाने के लिए हमेशा गाढ़ी, हाई फैट दही का ही इस्तेमाल करें। अगर आप आधा किलो के करीब मक्खन निकलना चाहते हैं तो 3 से 4 लीटर दही आराम से लग जाएगी। इसलिए बेस्ट रहता है कि आप घर पर ही गाढ़ी दही सेट कर लें और उससे ताजा-ताजा बटर बनाकर तैयार करें।
स्टेप बाय स्टेप जानें दही से मक्खन बनाने की विधि
स्टेप 1- सबसे पहले दही को किसी गहरे बर्तन में डालें। फिर किसी मथनी, व्हिस्कर, हैंड ब्लेंडर या मिक्सर की मदद से इसे लगातार फेंटते रहें। कुछ देर के लिए दही को इसी तरह फेंटे।
बोनस टिप: मक्खन बनाने से पहले दही को ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडी दही को मथने पर मक्खन जल्दी अलग होता है।
स्टेप 2- कुछ देर बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा कर के बर्फ वाला ठंडा पानी एड करें और दोबारा मथना शुरू करें। थोड़ी ही देर में आपको सफेद रंग के मक्खन के टुकड़े बनते दिखना शुरू हो जाएंगे।
स्टेप 3- सफेद रंग का मक्खन ऊपर की तरफ इक्कठा होने लगेगा और नीचे छाछ अलग दिखाई देगी। आपको अपने हाथ या किसी चम्मच की मदद से मक्खन को अलग कर लेना है।
स्टेप 4- मक्खन को ठंडे पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें। ऐसा करने से इसमें बची हुई छाछ और दही की खटास निकल जाती है और मक्खन खाने में ज्यादा स्वादिष्ट लगता है। साथ ही जल्दी खराब भी नहीं होता।
स्टेप 5- अगर आपको थोड़ा नमकीन मक्खन पसंद है, तो आप इसमें थोड़ा सा नमक मिला सकते हैं। ब्रेड, पराठे, टोस्ट या अलग-अलग रेसिपीज में ये मक्खन इस्तेमाल किया जा सकता है।
मक्खन बनाते हुए ये टिप्स भी काम आएंगी
- मक्खन बनाने के लिए खट्टी और फुल फैट वाली दही का इस्तेमाल करें। इससे ज्यादा मक्खन बनता है।
- बटर बनाते हुए बर्फ वाले ठंडे पानी का इस्तेमाल करना बेहतर होता है। गर्म पानी से मक्खन का टेक्चर खराब हो जाता है।
- मक्खन निकालने के बाद बचा हुआ लिक्विड ना फेंके। ये छाछ है, इसमें आप नमक मिलाकर पी सकते हैं या फिर कढ़ी बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.