न्यूयॉर्क, तीन सितंबर (एपी) वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी ने बुधवार को अमेरिका की एक अदालत में अपील की कि उनके खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों को खारिज किया जाए। उन्होंने दलील दी कि एक विदेशी नेता और उनकी पत्नी होने के नाते उन्हें कानूनी छूट हासिल है। मैनहट्टन की संघीय अदालत में दाखिल दस्तावेजों में मादुरो के वकीलों ने कहा कि कानून के मुताबिक न्यायाधीश को इन आरोपों को खारिज कर देना चाहिए क्योंकि किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के खिलाफ ऐसे आरोप नहीं लगाए जा सकते।
वकीलों ने कहा, ‘‘किसी भी अमेरिकी अदालत ने अब तक ऐसे विदेशी नेता के खिलाफ आपराधिक मुकदमे की सुनवाई नहीं की होगी जिसे आरोप लगाए जाने के समय अपने देश में मौजूदा राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर मान्यता प्राप्त थी।’’
उन्होंने कहा कि यह कोई ऐतिहासिक संयोग नहीं है बल्कि लंबे समय से चली आ रही कानूनी व्यवस्था है कि राष्ट्राध्यक्षों को अपने देश को छोड़कर किसी अन्य देश की अदालत की आपराधिक कार्रवाई से छूट प्राप्त होती है। मादुरो और उनकी पत्नी पर मादक पदार्थ तस्करी के आरोपों में मुकदमा अगले साल एक जून से शुरू होना है। न्यायाधीश एल्विन के. हेलरस्टीन ने आरोपों को खारिज करने की याचिकाओं पर बहस के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है।
मादुरो (63) और उनकी 69 वर्षीय पत्नी सिलिया फ्लोरेस को ब्रुकलिन की जेल में रखा गया है। अमेरिकी सेना ने जनवरी की शुरुआत में काराकस स्थित उनके घर पर मध्यरात्रि को छापा मारकर उन्हें हिरासत में लिया था और न्यूयॉर्क ले आई थी। बुधवार को दाखिल अलग दस्तावेजों में फ्लोरेस के वकीलों ने कहा कि उन्हें ‘संप्रभुता संबंधी छूट’ के आधार पर भी अमेरिकी अभियोजन से छूट प्राप्त है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.