नयी दिल्ली, 22 जुलाई दैनिक उपभोग की वस्तुएं बनाने वाली प्रमुख कंपनी नेस्ले इंडिया का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 48.26 प्रतिशत बढ़कर 958.68 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 646.59 करोड़ रुपये था। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उत्पादों की बिक्री से नेस्ले इंडिया का राजस्व 25.4 प्रतिशत बढ़कर 6,363.27 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 5,073.96 करोड़ रुपये था।
नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘हमने मात्रा वृद्धि के दम पर बिक्री में 25.4 प्रतिशत वृद्धि के साथ मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया। बिक्री 6,363.3 करोड़ रुपये रही, जिसे हमारे ब्रांडों पर उपभोक्ताओं के निरंतर भरोसे और प्रभावी क्रियान्वयन का समर्थन मिला। भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद निर्यात में 35.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।’’
समीक्षाधीन तिमाही में नेस्ले इंडिया की कुल आय 25.5 प्रतिशत बढ़कर 6,400.65 करोड़ रुपये हो गई जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 5,100.33 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का कुल खर्च 20.71 प्रतिशत बढ़कर 5,070.03 करोड़ रुपये रहा। अप्रैल-जून तिमाही में घरेलू बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 6,073.05 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 4,860.01 करोड़ रुपये थी। कंपनी का निर्यात राजस्व 35.64 प्रतिशत बढ़कर 290.22 करोड़ रुपये हो गया।
मनीष तिवारी ने कहा कि तिमाही के दौरान कंपनी ने परिचालन लागत में बचत के प्रयासों को और तेज करने के साथ अपने ब्रांडों में निवेश बढ़ाना जारी रखा। इस दौरान विज्ञापन पर खर्च में 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई और कंपनी का कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन 24.2 प्रतिशत रहा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.