नीट यूजी परीक्षा धांधली के मुख्य आरोपी डॉ. रविशंकर और उसके भाई से EOU ने गहन पूछताछ की। फर्जीवाड़े में शामिल स्कॉलर्स और बायोमीट्रिक कर्मियों की पहचान के बाद दोनों को बेऊर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आई फर्जीवाड़े की पूरी इनसाइड स्टोरी
नीट यूजी पुनर्परीक्षा 2026 धांधली के मुख्य अभियुक्त और पावापुरी मेडिकल कॉलेज के छात्र डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट ने धांधली में शामिल दो दर्जन से अधिक मूल अभ्यर्थी, मेडिकल छात्र और बायोमीट्रिक कर्मियों की पहचान की है। इनमें करीब एक दर्जन मेडिकल छात्र हैं, जिनको मूल अभ्यर्थियों की जगह स्कॉलर बना कर विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बिठाया गया था। यह छात्र देश के विभिन्न राज्यों के मेडिकल कॉलेजों से बुलाए गए थे। सत्यापन के आधार पर ईओयू की टीम अब आरोपितों को गिरफ्तार करने का अभियान चलाएगी।
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने रिमांड पर लिए गये डॉ. रविशंकर और उसके भाई अश्विनी कुमार से शनिवार को लंबी पूछताछ की। इस पूछताछ के दौरान ईओयू टीम ने अभियुक्तों को मूल परीक्षार्थियों, स्कॉलर बने मेडिकल छात्रों और उनकी मदद करने वाले बायोमीट्रिक कर्मियों की तस्वीरें डॉ. रविशंकर को दिखाई। रविशंकर ने इन तस्वीरों को देख कर उनकी पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद दोनों अभियुक्तों को वापस न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में डॉ. रविशंकर ने स्वीकार किया है कि वह 2022 से ही नीट व अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं के फर्जीवाड़ा में शामिल रहा है। एमबीबीएस परीक्षा देने के नाम पर कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लिया, मगर इस बीच बायोमेट्रिक वेंडरों की मदद से बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की हवलदार अनुदेशक परीक्षा में धांधली की कोशिश की।
फ्लैट से मिले फर्जी कागजात और ऑनलाइन सेंटर का सच
अश्विनी कुमार से उसके फ्लैट पर बरामद कई अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण पत्र और फर्जी आय, जाति व विकलांगता प्रमाण पत्रों से जुड़ी जानकारी ली गयी। परीक्षा केंद्र से किए गये अनुबंध को लेकर भी सवाल हुआ। अश्विनी ने स्वीकार किया कि उसने आगामी नीट परीक्षा सीबीटी मोड में कराये जाने को देखते हुए ऑनलाइन सेंटर से अनुबंध किया था।
आगे क्या होगी कार्रवाई?
डॉ. रविशंकर द्वारा की गई पहचान के आधार पर अब EOU की विशेष टीम फर्जीवाड़ा करने वाले मूल परीक्षार्थियों, स्कॉलर बने मेडिकल छात्रों और बायोमीट्रिक वेंडरों की गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाने जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.